भक्ति और श्रद्धा के रंग में रंगा माधवनगर, ‘एक शाम खाटूवाले के नाम’ भजन संध्या में झूमे श्याम प्रेमी, भव्य निशान यात्रा के साथ हुआ कार्यक्रम का आगाज, खाटू श्याम के भजनों से गूंजा पूरा क्षेत्र, संतों और पुजारियों की रही विशेष उपस्थिति
कटनी। बाबा खाटू श्याम जी के जन्मोत्सव के पावन अवसर पर माधवनगर स्थित दुर्गा माता मंदिर, सनातनी पंजाबी धर्मशाला के समीप आयोजित ‘एक शाम खाटूवाले के नाम’ भव्य धार्मिक आयोजन भक्ति, श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। भव्य निशान यात्रा और संगीतमय भजन संध्या ने पूरे माधवनगर को श्याममय कर दिया। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर बाबा खाटू श्याम के दरबार में अपनी हाजिरी लगाई और परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
निशान यात्रा में उमड़ा श्याम भक्तों का सैलाब
कार्यक्रम का शुभारंभ शाम 7 बजे मां आदिशक्ति मंदिर, समदड़िया सिटी से निकली भव्य निशान यात्रा के साथ हुआ। हाथों में बाबा के पावन निशान लेकर बड़ी संख्या में श्याम भक्त जयकारे लगाते हुए यात्रा में शामिल हुए। यात्रा निर्धारित मार्ग से होते हुए दुर्गा माता मंदिर, सनातनी पंजाबी धर्मशाला पहुंची। इस दौरान बाबा खाटू श्याम के जयकारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान रहा और श्रद्धालु भक्ति के रंग में सराबोर नजर आए।
भजनों पर देर रात तक झूमते रहे श्रद्धालु
रात्रि 8 बजे से शुरू हुई भजन संध्या में भक्ति और संगीत का अनूठा संगम देखने को मिला। आमंत्रित संतों एवं पुजारियों की विशेष उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा बढ़ाई। इसमें श्री पुतिन बमबम महाराज जी (बब्बू जी सरकार), पुजारी मां शारदा शक्तिपीठ मैहर, श्री इन्द्र सिंह चौहान, पुजारी निज मंदिर खाटू श्याम जी तथा श्री पं. शिवा गोस्वामी, प्रधान पुजारी जगत जननी मां विंध्यवासिनी मंदिर, विंध्याचल धाम विशेष रूप से उपस्थित रहे। भजन गायकों कृष्णा अग्रवाल (झरिया), राजेश ग्रोवर एवं संजय नाकारा ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति देकर श्याम प्रेमियों को भावविभोर कर दिया। बाबा के भक्ति गीतों की मधुर धुन पर श्रद्धालु झूमते, नाचते और जयकारे लगाते नजर आए। पूरे आयोजन स्थल पर ऐसा भक्तिमय वातावरण बना कि हर कोई श्याम भक्ति में लीन दिखाई दिया।
श्याम रसोई में श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
आयोजन के दौरान भजन संध्या के साथ श्याम रसोई की भी व्यवस्था की गई, जहां श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरा कार्यक्रम प्रेम, आस्था, सेवा और समर्पण की भावना के साथ संपन्न हुआ। अंत में आयोजकों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी संतों, अतिथियों, श्याम भक्तों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।