गुरु भक्ति और गुरबाणी के जयकारों से गूंजा माधव नगर, श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुई ‘गुरु की मेहर वाली प्रभात फेरी
कटनी। श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर अमृतवेला ट्रस्ट, माधव नगर द्वारा आयोजित भव्य ‘गुरु की मेहर वाली प्रभात फेरी’ श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुई। प्रभात फेरी में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं सेवादारों ने शामिल होकर गुरु भक्ति में अपनी सहभागिता निभाई।
प्रभात फेरी के दौरान माधव नगर का वातावरण गुरबाणी, शबद-कीर्तन और ‘वाहेगुरु’ के जयकारों से भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालु गुरु साहिब की महिमा का गुणगान करते हुए आगे बढ़े। मार्ग में जगह-जगह संगत द्वारा प्रभात फेरी का आत्मीय स्वागत किया गया। इस धार्मिक आयोजन का मुख्य उद्देश्य श्री गुरु नानक देव जी की महान शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाना तथा सेवा, सिमरन, प्रेम, सद्भाव और भाईचारे की भावना को मजबूत करना रहा। श्रद्धालुओं की अपार आस्था और उत्साह ने प्रभात फेरी को यादगार बना दिया। आयोजन के सफलतापूर्वक संपन्न होने पर अमृतवेला ट्रस्ट, माधव नगर की ओर से समस्त श्रद्धालुओं, सेवादारों एवं सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया।