ग्राम अमाड़ी और बनहरा में शासकीय भूमि पर कब्जे के खिलाफ लोसपा ने फूंका बिगुल, 8 अक्टूबर को ‘खूंटा गाड़, खेत जोतो’ आंदोलन की दी चेतावनी

कटनी। लोकतांत्रिक समाजवादी पार्टी ने बड़वारा तहसील के ग्राम अमाड़ी और बनहरा में शासकीय भूमि पर अतिक्रमण को लेकर प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बिंदेश्वरी पटेल ने कहा कि मामले को लेकर पिछले एक वर्ष से तहसीलदार से लेकर मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री तक शिकायतें की गई हैं, लेकिन अब तक कब्जे हटाने की ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। पार्टी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, ग्राम अमाड़ी प.ह.न. 14 की विभिन्न खसरा नंबरों तथा प्लाट नंबर 122, 123, 124 और 125 सहित ग्राम बनहरा प.ह.न. 13 की कई शासकीय भूमियों पर लगभग 25 एकड़ क्षेत्र में कब्जे का आरोप लगाया गया है। पार्टी का दावा है कि इनमें कोटवार भूमि, सिंचाई विभाग की भूमि, राजस्व विभाग की भूमि, शासकीय तालाब और शासकीय रास्ते शामिल हैं।
बिंदेश्वरी पटेल ने आरोप लगाया कि शिकायतों की जांच के दौरान कब्जे की स्थिति सामने आने के बावजूद संबंधित भूमि से अतिक्रमण नहीं हटाया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित अधिकारियों की जानकारी के बावजूद जमीन पर जुताई का काम जारी है।
पार्टी ने प्रशासन को 8 अक्टूबर 2026 तक ठोस कार्रवाई करने का समय दिया है। प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि यदि निर्धारित तिथि से पहले कार्रवाई नहीं हुई तो लोकतांत्रिक समाजवादी पार्टी के नेतृत्व में ग्राम अमाड़ी के किसान 8 अक्टूबर को ‘खूंटा गाड़, खेत जोतो’ आंदोलन करेंगे। पार्टी ने इसे शासकीय भूमि की रक्षा के उद्देश्य से किया जाने वाला आंदोलन बताया है। लोकतांत्रिक समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बिंदेश्वरी पटेल ने प्रशासन से संबंधित शासकीय भूमि की जांच कर कथित अतिक्रमण हटाने और सरकारी जमीन को सुरक्षित करने की मांग की है।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *