तिरंगे की शान में रंगे नन्हे हाथ, विद्यार्थियों ने मानव श्रृंखला एवं रचनात्मकता से दिया देशभक्ति का संदेश, हर घर तिरंगा अभियान से स्कूलों में सजा देशभक्ति का रंग

कटनी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत नगर पालिक निगम के विद्यालयों में विभिन्न रचनात्मक एवं जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इन आयोजनों के माध्यम से विद्यार्थियों को राष्ट्रप्रेम की भावना से जोड़ने के साथ उनकी रचनात्मक प्रतिभा को भी मंच प्रदान किया जा रहा है।
इसी क्रम में गुरुवार 12 अगस्त को साधुराम शाला में आयोजित विभिन्न गतिविधियों के क्रम में छात्रों ने भारत के नक्शे की आकर्षक मानव श्रृंखला बनाकर राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति का अनूठा संदेश दिया। तिरंगे के रंगों के साथ विद्यार्थियों ने अनुशासनबद्ध तरीके से भारत की आकृति बनाकर देश की अखंडता, एकता और राष्ट्रप्रेम की भावना को प्रदर्शित किया। इस रचनात्मक प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया और विद्यार्थियों में देश के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना को और मजबूत किया। वहीं ड्रॉइंग, राखी निर्माण एवं स्केचिंग गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। वहीं ए. रविंद्र राव स्कूल में चित्रकला, पेंटिंग एवं निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता और अभिव्यक्ति के माध्यम से राष्ट्रभक्ति, तिरंगे के सम्मान तथा स्वतंत्रता दिवस से जुड़े विचारों को रचनात्मक रूप में प्रस्तुत किया। नगर निगम के विद्यालयों में आयोजित विभिन्न गतिविधियां केवल प्रतियोगिताओं तक सीमित नहीं हैं, बल्कि विद्यार्थियों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति गौरव, स्वतंत्रता के मूल्यों की समझ और जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना विकसित करने का माध्यम बन रही हैं। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के जरिए विद्यालयों में बना यह राष्ट्रभक्ति का माहौल स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को जनभागीदारी और रचनात्मकता से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *