कार से हो रही थी शराब तस्करी, विजयराघवगढ़ पुलिस की कार्रवाई, कार से 63 लीटर अवैध शराब जब्त

कटनी। जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत विजयराघवगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी के कब्जे से 63 लीटर अवैध शराब एवं करीब 6 लाख रुपये कीमत की कार जब्त की है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया तथा एसडीओपी वीरेन्द्र धार्वे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक रीतेश शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार 18 मई 2026 को थाना क्षेत्र के ग्राम झिरिया मोड़ तालाब के पास एक संदिग्ध टोयोटा ग्लेंजा कार क्रमांक एमपी 21 जेडजे 0141 को रोककर जांच की गई। वाहन चालक ने अपना नाम रफीक अहमद उर्फ सोनू निवासी आजाद चौक विजयराघवगढ़ बताया। कार की तलाशी लेने पर डिक्की में रखे 7 कार्टूनों में बड़ी मात्रा में शराब बरामद हुई। इनमें 5 पेटियों में देशी प्लेन शराब तथा 2 पेटियों में अंग्रेजी गोवा शराब रखी मिली। कुल 63 लीटर शराब की कीमत करीब 39 हजार रुपये आंकी गई है। वहीं जब्त टोयोटा ग्लेंजा कार की कीमत लगभग 6 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने मौके पर शराब एवं वाहन को जब्त कर आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रीतेश शर्मा, उपनिरीक्षक जयराम साकेत, आरक्षक पप्पू प्रजापति, आरक्षक चालक मज्जू कोल, मुखबिर एवं स्वतंत्र साक्षियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *