5 हजार का इनामी शराब तस्करी का आरोपी एक साल बाद गिरफ्तार, खमतरा शराब दुकान के मैनेजर पर था शराब सप्लाई का आरोप, बड़वारा पुलिस ने दबोचा
कटनी। बड़वारा पुलिस ने अवैध शराब परिवहन के मामले में करीब एक साल से फरार चल रहे 5,000 के इनामी आरोपी सुंदर सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपी सतना जिले के कोठी थाना क्षेत्र के ग्राम लोखरिया का निवासी है। पुलिस ने उसे 9 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। मामले में आरोपी पर खमतरा शराब दुकान से शराब उपलब्ध कराने का आरोप है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य और डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी बड़वारा उपनिरीक्षक सुयश पाण्डेय के नेतृत्व में आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। फरार आरोपी की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक द्वारा 5,000 का इनाम घोषित किया गया था।
कार से मिली थीं 19 पेटी शराब
पुलिस के अनुसार, 15 अक्टूबर 2025 की रात गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि इंडीवर कार क्रमांक MP21CA0021 से अवैध शराब बिक्री के लिए ले जाई जा रही है। सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम पथवारी स्थित रेलवे अंडरब्रिज के पास मुख्य मार्ग पर काले रंग की संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली।
कार में रवि सिंह (48), निवासी बंगला खितौली, थाना बरही और आनंद राम उर्फ सोनी कुशवाहा (46), निवासी ऊटिन टोला हदरहटा, थाना बरही सवार थे। तलाशी के दौरान कार की डिक्की से देशी प्लेन शराब की 9 पेटी और देशी लाल मसाला शराब की 10 पेटी बरामद हुईं। कुल 19 पेटियों में 950 पाव यानी करीब 171 लीटर शराब मिली, जिसकी अनुमानित कीमत ₹95,000 बताई गई। शराब के वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई।
पूछताछ में सामने आया मैनेजर का नाम
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों के कथनों के आधार पर खमतरा शराब दुकान के मैनेजर द्वारा शराब उपलब्ध कराए जाने की जानकारी सामने आई। पूछताछ में मैनेजर की पहचान सुंदर सिंह, पिता शिवभान सिंह, निवासी ग्राम लोखरिया, थाना कोठी, जिला सतना के रूप में हुई। इसके बाद से वह फरार था और उसकी गिरफ्तारी पर इनाम घोषित किया गया था।
आरोपी की तलाश में पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय करने के साथ साइबर सेल की मदद ली। बड़वारा पुलिस की विशेष टीम के प्रयासों से उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। कार्रवाई में थाना प्रभारी सुयश पाण्डेय, सहायक उपनिरीक्षक महेश प्रताप सिंह, प्रधान आरक्षक पवनराज, आरक्षक रवि कुमार कोरी और आरक्षक आशीष तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं साइबर सेल के आरक्षक शुभम गौतम और दीपक का भी विशेष योगदान रहा।