रीठी पुलिस के हत्थे चढ़ा शराब तस्कर, 300 पाव अवैध शराब, स्कूटी और मोबाइल जब्त, एक गिरफ्तार
कटनी। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रीठी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 300 पाव देशी शराब, एक स्कूटी और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य तथा एसडीओपी रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी मोहम्मद शाहिद के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो युवक सिल्वर रंग की स्कूटी से धनिया मोड़ की ओर अवैध शराब लेकर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक दिनेश चौहान एवं पुलिस टीम ने रीठी-धनिया रोड पर घेराबंदी की। कुछ देर बाद संदिग्ध स्कूटी दिखाई दी। पुलिस को देखकर दोनों युवक वाहन छोड़कर खेतों की ओर भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर समीर गौतम (19 वर्ष), निवासी ग्राम पहरूआ, थाना कुठला को पकड़ लिया, जबकि उसका साथी बलराम पाल, निवासी इंडिया होटल के पास, कटनी, मौके से फरार हो गया।
तलाशी के दौरान स्कूटी से 300 पाव देशी शराब, एक स्कूटी और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है तथा फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। कार्रवाई में उपनिरीक्षक दिनेश चौहान, प्रधान आरक्षक अजय मेहरा, प्रधान आरक्षक राम पाठक, आरक्षक शमशेर सिंह, आरक्षक अमन सिंह ठाकुर एवं आरक्षक ज्ञानेंद्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही।








