विधिक सेवा सप्ताह 2025 का मैराथन दौड़ के साथ हुआ शुभारंभ, न्याय के लिए लगाई दौड़

कटनी। मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री जितेन्द्र कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में “न्यायोत्सवः विधिक सेवा सप्ताह 2025” का शुभारंभ रविवार को मैराथन दौड़ के साथ हुआ। यह दौड़ सुबह 8 बजे पुलिस पेट्रोल पंप झिंझरी से प्रारंभ होकर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय तक संपन्न हुई। “न्याय के लिए दौड़ कानूनी जागरूकता की ओर प्रत्येक कदम” विषय पर आधारित इस पहल का उद्देश्य जनता में विधिक जागरूकता और सहभागिता को बढ़ावा देना रहा। कार्यक्रम में न्यायाधीशगण, अधिवक्ता, विद्यार्थी एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
विभिन्न आयु वर्गों में विजेताओं को सम्मानित किया गया। बच्चों की श्रेणी में अंकुर पटेल, देविका कुमरे और अर्नव पटेल क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय रहे। वहीं 19 वर्ष वर्ग में ऋषभ पांडे, अस्मित तिवारी और रूपेश सिंह विजेता रहे। कोर्ट स्टाफ श्रेणी में विनोद कुमार धुर्वे, विनय साहू और जिला लाल बैगा ने स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम में पॉलीटेक्निक कॉलेज की टीम ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन हर्षित बिसेन, जिला विधिक सहायता अधिकारी द्वारा किया गया। सप्ताह भर “न्यायोत्सव” के अंतर्गत विविध जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *