राष्ट्रीय जनगणना 2027, ऑनलाइन स्व-गणना के लिए अंतिम अवसर केवल दो दिन शेष, नागरिकों से सहयोग की अपील
कटनी। राष्ट्रीय जनगणना 2027 के अंतर्गत ऑनलाइन स्व-गणना की प्रक्रिया जारी है, जिसके लिए अब केवल दो ही दिन शेष रह गए हैं। https://se.census.gov.in पोर्टल पर “स्व-गणना” का विकल्प उपलब्ध है, जहां नागरिक 30 अप्रैल 2026 तक अपनी जानकारी स्वयं ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि जिन्होंने अभी तक ऑनलाइन स्व-गणना फार्म नहीं भरा है, वे शीघ्र इसे पूरा करें और इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में सहभागी बनें। उन्होंने कहा कि एक मई 2026 से प्रारंभ होने वाले जनगणना-2027 के प्रथम चरण ‘मकान सूचीकरण एवं गणना’ में सभी का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन स्व-गणना पूरी करने के बाद एक एसई आईडी ¼SE ID½ जनरेट होगी, जिसे 1 मई से 30 मई 2026 के बीच प्रगणक के घर-घर भ्रमण के दौरान साझा करना अनिवार्य होगा। प्रगणक द्वारा सत्यापन के पश्चात ही मकान सूचीकरण एवं गणना की प्रक्रिया पूर्ण मानी जाएगी।
नगर जनगणना अधिकारी जागेश्वर पाठक ने बताया कि स्व-गणना प्रक्रिया पूरी तरह ऐच्छिक है। यदि कोई नागरिक स्वयं जानकारी दर्ज नहीं करता है, तो प्रगणक निर्धारित अवधि में घर-घर जाकर जानकारी एकत्रित करेंगे। प्रथम चरण के दौरान प्रगणक 01 मई से 30 मई 2026 के बीच प्रत्येक घर से 33 निर्धारित प्रश्नों के आधार पर जानकारी एकत्रित करेंगे, जिसमें मकानों की स्थिति, उपलब्ध सुविधाएं तथा परिवार की परिसंपत्तियों से संबंधित जानकारी शामिल होगी। इस बार की जनगणना की विशेषता यह है कि इसमें आधुनिक डिजिटल तकनीक का व्यापक उपयोग किया जा रहा है। पहली बार मोबाइल ऐप के माध्यम से बड़े पैमाने पर डेटा संकलन किया जाएगा, जिससे प्रक्रिया अधिक सटीक, पारदर्शी और प्रभावी बनेगी। सभी नागरिकों से जागरूकता और सक्रिय सहभागिता के साथ इस राष्ट्रीय दायित्व को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की है।








