लमतरा सड़क हादसा, बस-हाइवा के फिटनेस व परमिट निरस्त, चालकों के लाइसेंस निलंबित, एक युवती गंभीर अवस्था में जबलपुर रेफर
कटनी। जिले के कुठला थाना क्षेत्र अंतर्गत लमतरा फाटक के समीप रविवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी संतोष पाल ने दुर्घटना में शामिल यात्री बस नंबर एमपी 19 पी 0347 और ओवरलोड हाइवा नंबर एम पी 21 एच 2099 के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करते हुए दोनों वाहनों के फिटनेस प्रमाण पत्र एवं परमिट तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिए हैं।
अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी ने बस मालिक पंकज गुप्ता घंटाघर रोड निवासी मसुरहा वार्ड और हाइवा के मालिक अनिल कुमार सुहाने बाल गंगाधर वार्ड नंबर 4 निवासी रिलायंस पेट्रोल पंप पन्ना मोड़ को फिटनेस प्रमाण पत्र एवं परमिट तत्काल प्रभाव से निरस्त करने का पत्र दिया है, और मूल परमिट और फिटनेस प्रमाण पत्र आरटीओ कार्यालय में जमा करने को कहा है। इसके साथ ही बस एवं हाइवा चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस भी निलंबित कर दिए गए हैं।
एक युवती जबलपुर रेफर
उल्लेखनीय है कि इस भीषण सड़क दुर्घटना में एक महिला सहित तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थीं। घायलों का उपचार जिला चिकित्सालय में जारी है। लमतरा में बस व हाइवा की भिड़ंत से हुई दुर्घटना के बाद 26 घायलों में से 23 घायलों का जिला चिकित्सालय में और 3 घायलों का कन्हवारा शासकीय अस्पताल में उपचार किया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ राज सिंह ठाकुर ने बताया कि गंभीर रूप से घायल 22 वर्षीय रंजना पाल निवासी खेरई पुलिस थाना क्षेत्र कैमोर की कूल्हे की हड्डी टूटने की वजह से जिला चिकित्सालय में प्रारंभिक उपचार कर बेहतर इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया है।







