स्वामित्व पंजीयन कार्य में व्यवधान डालते हुए कर रहा था विवाद, कुठला पुलिस ने की कार्रवाई, भेजा गया जेल

कटनी। शासन की स्वामित्व पंजीयन योजना के तहत राजस्व विभाग की टीम द्वारा किए जा रहे कार्य में विवाद और हंगामा करने वाले व्यक्ति के खिलाफ कुठला पुलिस ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कार्यपालिक मजिस्ट्रेट कटनी के समक्ष पेश किया, जहां से जेल वारंट जारी होने पर उसे जेल दाखिल कराया गया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 22 अक्टूबर को ग्राम खड़ौला, पटवारी हल्का नंबर 07, तहसील कटनी नगर में हल्का पटवारी द्वारा स्वामित्व पंजीयन का कार्य किया जा रहा था। इसी दौरान ग्राम निवासी सोनू सिंह (34 वर्ष), पिता विशंभर सिंह ठाकुर, कार्य को लेकर विवाद करने लगा। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना। इसके बाद विवाद और झगड़े की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर मौके पर पहुंची कुठला पुलिस ने पाया कि संबंधित व्यक्ति कथित तौर पर शराब के नशे में विवाद कर रहा था। समझाइश देने के बावजूद वह आम सड़क पर उत्तेजित होकर मारपीट करने पर आमादा था। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने संज्ञेय अपराध की आशंका के चलते उसे अभिरक्षा में लिया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई करते हुए धारा 170/126(बी) एवं 135(3) बीएनएसएस के अंतर्गत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की और उसे कार्यपालिक मजिस्ट्रेट कटनी के समक्ष प्रस्तुत किया। इसके बाद जेल वारंट जारी होने पर आरोपी को जेल भेज दिया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर अखिलेश दाहिया के नेतृत्व में कुठला पुलिस टीम ने की।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *