कुठला थाना को मिला ISO 9001:2015 प्रमाणन, अधिकारियों ने थाना प्रभारी की थपथपाई पीठ, गुणवत्ता सुधार में अहम योगदान पर एचसी अजीत मिश्रा हुए सम्मानित

कुठला थाना को मिला ISO 9001:2015 प्रमाणन, अधिकारियों ने थाना प्रभारी की थपथपाई पीठ, गुणवत्ता सुधार में अहम योगदान पर एचसी अजीत मिश्रा हुए सम्मानित

कटनी। जिले की पुलिस व्यवस्था के लिए गौरव का विषय बनते हुए पुलिस थाना कुठला को ISO 9001:2015 गुणवत्ता प्रमाणन प्राप्त हुआ है। नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने तथा पुलिस कार्यप्रणाली को अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप विकसित करने के लिए किए गए सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप यह उपलब्धि हासिल हुई है।
आईएसओ प्रमाणन यह दर्शाता है कि थाना स्तर पर सेवाओं की गुणवत्ता, कार्यप्रणाली की पारदर्शिता, जवाबदेही एवं जनसेवा के मानक निर्धारित गुणवत्ता मापदंडों के अनुरूप हैं। इस उपलब्धि से थाना स्टाफ एवं पुलिस कर्मियों में हर्ष का माहौल है। पुलिस अधिकारियों ने इसे बेहतर कार्यसंस्कृति, अनुशासन और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम बताया है तथा भविष्य में भी नागरिकों को और बेहतर एवं त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास जारी रखने की बात कही है। इस उपलब्धि के साथ ही पुलिस थाना कुठला में पदस्थ प्रधान आरक्षक (एचसी-474) अजीत मिश्रा को उनके उत्कृष्ट कार्य, समर्पण एवं कर्तव्यनिष्ठा के लिए अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, जबलपुर जोन द्वारा प्रशंसा पत्र प्रदान किया गया। यह सम्मान पुलिस अधीक्षक कटनी के प्रस्ताव पर दिया गया।
अजीत मिश्रा को यह सम्मान थाना कुठला सहित जिले के अन्य पुलिस थानों को ISO 9001:2015 प्रमाणन दिलाने में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए मिला। उनके सतत प्रयासों से पुलिस कार्यप्रणाली को गुणवत्ता मानकों के अनुरूप विकसित करने, कार्यकुशलता बढ़ाने, पारदर्शिता स्थापित करने तथा सेवा गुणवत्ता में सुधार लाने में उल्लेखनीय सफलता मिली। प्रशंसा पत्र में उल्लेख किया गया है कि अजीत मिश्रा ने अपने दायित्वों का जिम्मेदारी एवं निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए संगठन की कार्यक्षमता को नई दिशा दी तथा नागरिकों को बेहतर एवं समयबद्ध पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी इस उपलब्धि पर पुलिस विभाग में खुशी का माहौल है और अधिकारियों एवं सहकर्मियों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके कार्यों की सराहना की।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Recent Post

नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण सफाई व्यवस्था उपलब्ध कराने निगम प्रशासन के प्रयास निरंतर जारी, बारिश की हल्की फुहार के बीच भी दूसरी पाली में सक्रिय रहे स्वच्छता मित्र, मुख्य मार्गों, बाजारों एवं बस्तियों में चला विशेष सफाई अभियान