कुठला पुलिस ने चंद घंटों में सुलझाई चाकू की नोक पर हुई लूट की वारदात, टेटू से खुला लुटेरों का राज, पकड़े गए तीन विधि उल्लंघनकारी बालक

कटनी। कुठला थाना पुलिस ने चाकू की नोक पर हुई लूट की सनसनीखेज वारदात का चंद घंटों में खुलासा करते हुए तीन विधि उल्लंघनकारी बालकों को पकड़ लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूट की नकदी, घटना में प्रयुक्त दो चाकू और एक बिना नंबर की बर्गमैन स्कूटी जब्त कर ली है। तीनों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किए जाने के बाद बाल संप्रेक्षण गृह, जबलपुर भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक अखलेश दाहिया के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
चाकू अड़ाकर की थी लूट
पुलिस के अनुसार फरियादी दुर्गेश चौधरी (20) निवासी ग्राम सुडौरा, जिला पन्ना, 19 जुलाई की रात अपनी भाभी और छह माह की भतीजी को हैदराबाद जाने वाली बस में बैठाने के लिए ऑटो से शिवम ढाबा बायपास जा रहा था। चाका ब्रिज के आगे हाईवे पर बिना नंबर की बर्गमैन स्कूटी से आए तीन युवकों ने ऑटो रोक लिया और चाकू अड़ाकर फरियादी, उसकी भाभी एवं ऑटो चालक को धमकाया। आरोपियों ने फरियादी से 6 हजार रुपये तथा ऑटो चालक से 300 रुपये लूट लिए। घटना के दौरान फरियादी ने आरोपियों के हाथों पर बने टैटू के आधार पर महत्वपूर्ण सुराग पुलिस को दिए।
तकनीकी और पारंपरिक जांच से खुलासा
कुठला पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर तकनीकी एवं पारंपरिक जांच शुरू की। कुछ ही घंटों में तीनों विधि उल्लंघनकारी बालकों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने वारदात करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटी गई राशि, दो चाकू और घटना में प्रयुक्त बर्गमैन स्कूटी बरामद कर ली। पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी अखलेश दाहिया, उपनिरीक्षक विनोद सिंह, प्रधान आरक्षक अजय यादव, रामेश्वर सिंह, अजीत मिश्रा, सुनील पाण्डेय, ताहिर खान, राहुल मिश्रा तथा आरक्षक पुष्पेन्द्र त्रिपाठी, हर्षुल मिश्रा, अभय यादव, करण सिंह, विजय प्रजापति, मनोज राजपूत सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *