कुठला पुलिस ने सुलझाई लूट की गुत्थी, दो आरोपी गिरफ्तार, लूटा गया मोबाइल और नकदी बरामद
कटनी। थाना कुठला पुलिस ने लूट के एक मामले का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन एवं नकदी भी बरामद कर ली गई है। आरोपियों को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कुठला निरीक्षक अखलेश दाहिया के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक-1 चाका निवासी नूर अहमद खान (63 वर्ष) ने 5 जून 2026 को थाना कुठला में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह रात करीब 8 बजे कटनी से अपने घर चाका जा रहे थे। इसी दौरान निगम भट्ठा के सामने पुरैनी मेन रोड पर दो अज्ञात मोटरसाइकिल सवार युवकों ने उनकी बाइक रोककर मारपीट की। मारपीट के दौरान वह सड़क किनारे गिर गए, जिसके बाद आरोपी उनकी शर्ट की जेब में रखे 15 हजार रुपये नकद और पोको कंपनी का मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।
प्रकरण में थाना कुठला में अपराध क्रमांक 470/26 धारा 309(6) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने परंपरागत एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए आरोपियों की पहचान की। जांच के दौरान पुलिस ने राहुल चौहान (31 वर्ष), निवासी इंद्रानगर, थाना कुठला तथा बबला उर्फ बबूल निषाद (40 वर्ष), निवासी आधारकाप मछरियान डेरा, थाना एनकेजे को हिरासत में लेकर पूछताछ की। सघन पूछताछ में दोनों आरोपियों ने वारदात करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन एवं नगदी बरामद कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अखलेश दाहिया, सहायक उप निरीक्षक रवि शुक्ला, तीरथ तेकाम, प्रधान आरक्षक अजय यादव, रामेश्वर सिंह, आरक्षक विजय प्रजापति, दुर्गेश सिंह सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।








