कुठला पुलिस ने किया इन्द्रानगर में जेवर-नगदी चोरी का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार, सुने घर को बनाया था निशाना
कटनी। इन्द्रानगर में घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नगदी चोरी करने के मामले का कुठला पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए जेवरात एवं नगदी रकम बरामद कर विधिवत जप्त की है।
पुलिस के अनुसार, इन्द्रानगर गली नंबर-1 निवासी राकेश केशरवानी ने 13 सितंबर को थाना कुठला में शिकायत दर्ज कराई कि 12 सितंबर की शाम वह पत्नी और बच्चों के साथ घर से बाहर गए थे। रात करीब 1 बजे वापस लौटने पर घर का बाहरी ताला टूटा मिला। अंदर आलमारी का लॉक भी टूटा हुआ था और सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर सोने की चैन, लॉकेट, पंचाली, अंगूठी, बच्चों के सोने के लॉकेट, चांदी के आभूषण एवं बर्तन तथा नगदी रकम गायब मिली।
मामले में थाना कुठला में अपराध क्रमांक 832/26, धारा 331(4), 305(a) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र सक्रिय करने के साथ घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले तथा संदिग्ध स्थानों पर चेकिंग की। जांच के दौरान पुलिस ने 21 सितंबर को इन्द्रानगर गली नंबर-6 निवासी 24 वर्षीय लाला उर्फ मुकेश निषाद, पिता लोकराज निषाद, को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी मोहित के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए जेवरात एवं नगदी रकम बरामद कर जप्त की गई।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पूरी कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक अखलेश दाहिया के नेतृत्व में की गई। टीम में सहायक उप निरीक्षक श्यामनारायण सिंह, प्रधान आरक्षक रामेश्वर सिंह, अजय यादव, राहुल मिश्रा, मोनी गुप्ता, आरक्षक विजय प्रजापति, पुष्पेन्द्र त्रिपाठी सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।