कुठला पुलिस ने अपहृत नाबालिग बालिका को सतना जिले से किया दस्तयाब, परिजनों को सुरक्षित सौंपा, पुलिस टीम की कार्यवाही की सराहना
कटनी। कुठला पुलिस ने अपहृत नाबालिग बालिका को सतना जिले के रामपुर बघेलान से दस्तयाब कर सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बालिका के सकुशल मिलने पर परिजनों ने पुलिस की कार्यवाही की सराहना की। पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा (भा.पु.से.) के निर्देश पर अपहृत एवं गुमशुदा नाबालिग बालक-बालिकाओं की दस्तयाबी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं उप पुलिस अधीक्षक अनिमेष द्विवेदी के मार्गदर्शन में कुठला थाना पुलिस ने यह कार्यवाही की।
जानकारी के अनुसार, दिनांक 19 जुलाई 2026 को नाबालिग बालिका की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। कुठला थाना प्रभारी निरीक्षक अखलेश दाहिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने प्रयास करते हुए बालिका को रामपुर बघेलान, जिला सतना से दस्तयाब किया। इसके बाद बालिका को सुरक्षित उसके परिजनों को सौंप दिया गया। इस कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक अखलेश दाहिया के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक रवि शुक्ला, महिला प्रधान आरक्षक मोनी गुप्ता, आरक्षक पुष्पेन्द्र त्रिपाठी सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।