सरलानगर की झुग्गी-बस्ती में पहुंची कुठला पुलिस, नशे के दुष्परिणामों से किया जागरूक

कटनी। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में जिलेभर में चलाए जा रहे “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के तहत थाना कुठला पुलिस द्वारा सरलानगर झुग्गी-झोपड़ी बस्ती में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश दहिया ने स्थानीय नागरिकों, युवाओं एवं महिलाओं को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए बताया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है। उन्होंने लोगों से स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी नशा छोड़ने के लिए प्रेरित करने की अपील की।
इस दौरान पुलिस टीम ने नागरिकों को नशे के कारण होने वाली सामाजिक, आर्थिक एवं कानूनी समस्याओं से भी अवगत कराया और युवाओं से खेल, शिक्षा एवं सकारात्मक गतिविधियों की ओर बढ़ने का संदेश दिया। साथ ही किसी भी प्रकार के मादक पदार्थों की अवैध बिक्री या तस्करी की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग देने का संकल्प लिया। कुठला पुलिस ने कहा कि जनभागीदारी के माध्यम से ही नशे के खिलाफ प्रभावी लड़ाई लड़ी जा सकती है और समाज को सुरक्षित एवं स्वस्थ बनाया जा सकता है।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *