कुठला पुलिस को मिली दोहरी सफलता, चोरी का ट्रक बरामद, समर्सिबल पम्प चोर गिरफ्तार

कटनी। कुठला पुलिस को चोरी के दो अलग-अलग मामलों में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कुछ ही घंटों में चोरी हुआ ट्रक बरामद कर लिया, वहीं समर्सिबल पम्प चोरी मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में जिले में अपराध नियंत्रण और आमजन को भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य तथा नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक अखलेश दाहिया के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
कुछ घंटों में बरामद हुआ 15 लाख का ट्रक
प्रार्थी रामजी पटेल निवासी कैलवारा कला ने थाना कुठला में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनका अशोक लीलैंड ट्रक क्रमांक MP20HB4961, जिसकी कीमत लगभग 15 लाख रुपये है, पटेल ढाबा के पास खड़ा था जिसे अज्ञात चोर चोरी कर ले गए। शिकायत पर थाना कुठला में अपराध क्रमांक 491/26 के तहत मामला दर्ज कर पुलिस टीम ने तत्काल जांच शुरू की। जांच के दौरान ट्रक में लगे जीपीएस सिस्टम की सहायता से वाहन की लोकेशन सरलानगर-भदनपुर मार्ग पर मिली। पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जिला मैहर क्षेत्र से चोरी गए ट्रक को बरामद कर लिया। वाहन स्वामी एवं साक्षियों द्वारा ट्रक की पहचान की गई। बरामद ट्रक को थाना परिसर में सुरक्षित खड़ा कराया गया है। मामले में शामिल अज्ञात आरोपी की तलाश जारी है।
समर्सिबल पम्प चोरी का आरोपी गिरफ्तार
दूसरे मामले में प्रार्थी शुभम बर्मन निवासी चाका ने 7 मई 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर उनके पम्प हाउस का ताला तोड़कर CRI कंपनी का 7.5 HP समर्सिबल पम्प, तीन चेम्बर, 16 रॉड एवं 6 पाना चोरी कर ले गए हैं। इस पर थाना कुठला में अपराध क्रमांक 371/26 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी आकाश यादव (24 वर्ष) निवासी लमतरा फाटक को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। आरोपी के कब्जे से चोरी गया समर्सिबल पम्प भी बरामद कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल वारंट जारी होने पर उसे जिला जेल कटनी भेज दिया गया। पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी अखिलेश दहिया, उप निरीक्षक विनोद सिंह, प्रधान आरक्षक अजीत मिश्रा, सुनील पाण्डेय, नरेन्द्र पटेल, ताहिर खान तथा आरक्षक मनोज सिंह, विजय प्रजापति, पुष्पेन्द्र त्रिपाठी और दुर्गेश सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने टीम की तत्परता और मेहनत की सराहना की।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *