कुठला पुलिस ने एक घंटे में ढूंढे दो मासूम, परिजनों से मिलते ही छलक पड़े खुशी के आंसू

कटनी। कुठला थाना पुलिस ने संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई का परिचय देते हुए घर से लापता हुए पांच वर्ष से कम आयु के दो मासूम बच्चों को महज एक घंटे के भीतर सकुशल खोजकर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बच्चों के मिलते ही परिजनों की आंखों में खुशी के आंसू आ गए और उन्होंने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। पुलिस के अनुसार, गुरुवार दोपहर 1:40 बजे डायल-112 पर मतवार पड़रिया निवासी एक व्यक्ति ने सूचना दी कि उसकी ढाई वर्षीय बेटी और चार वर्षीय भतीजा सुबह करीब 9 बजे घर से लापता हो गए हैं। सूचना मिलते ही डायल-112 के आरक्षक मनोज सिंह राजपूत ने थाना प्रभारी कुठला निरीक्षक अखलेश दाहिया को अवगत कराया।
थाना प्रभारी के निर्देश पर उप निरीक्षक अनिल यादव और विनोद सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल बच्चों की तलाश में जुट गई। साथ ही सोशल मीडिया के माध्यम से भी बच्चों की जानकारी सभी पुलिसकर्मियों तक पहुंचाई गई। तलाशी अभियान के दौरान पुलिस टीम को लमतरा ब्रिज के पास दो छोटे बच्चे अकेले घूमते हुए मिले। कम उम्र और घबराहट के कारण बच्चे अपना नाम-पता नहीं बता सके। इसके बाद पुलिस ने सूचना देने वाले परिजन से संपर्क कर बच्चों के हुलिए का मिलान कराया, जिस पर उनकी पहचान लापता बच्चों के रूप में हुई।
पुलिस दोनों बच्चों को सुरक्षित थाना लेकर पहुंची, जहां परिजनों के आने पर उन्हें सकुशल सुपुर्द कर दिया गया। थाना पुलिस ने परिजनों को बच्चों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की सलाह भी दी। कुठला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि छोटे बच्चों को परिवार के किसी सदस्य का मोबाइल नंबर अवश्य याद कराएं तथा उन पर हमेशा निगरानी रखें। किसी भी बच्चे के गुम होने या संदिग्ध स्थिति में मिलने पर तत्काल डायल-112 या निकटतम पुलिस थाने को सूचना दें। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अखलेश दाहिया के नेतृत्व में उप निरीक्षक अनिल यादव, विनोद सिंह, आरक्षक अजीत मिश्रा, मनोज सिंह, महिला आरक्षक दिव्या सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *