नशे के सौदागर को कुठला पुलिस ने दबोचा, 2.6 किलो गांजे की तस्करी के मामले में फरार सप्लायर को किया गिरफ्तार

कटनी। नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कुठला पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। 2.6 किलो अवैध गांजा बरामदगी के मामले में फरार चल रहे सप्लायर को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं नगर पुलिस अधीक्षक शिवा पाठक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कुठला निरीक्षक अखलेश दाहिया के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, 5 जुलाई 2026 को पेट्रोलिंग के दौरान बिलहरी बड़खेरा निवासी जितेन्द्र सिंह ठाकुर उर्फ मज्जुल ठाकुर के कब्जे से 2 किलो 600 ग्राम अवैध गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 37 हजार रुपये है, जब्त किया गया था। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
पूछताछ में आरोपी ने बताया था कि वह गांजा बृजेश उपाध्याय उर्फ प्रियांशु निवासी मवई, थाना स्लीमनाबाद से लेकर आया था। विवेचना के दौरान पुलिस ने बृजेश उपाध्याय (26) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अखलेश दाहिया के नेतृत्व में उप निरीक्षक विनोद सिंह, प्रधान आरक्षक अजय यादव सहित कुठला थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *