कुठला पुलिस ने फरार आरोपियों को दबोचा, जुआ खेलते 4 आरोपी भी गिरफ्तार, नकदी और ताश की गड्डी जब्त

कटनी। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कुठला थाना पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में बड़ी सफलता हासिल की है। थाना प्रभारी निरीक्षक अखलेश दाहिया के नेतृत्व में पुलिस ने मारपीट के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, वहीं जुआ खेलते चार लोगों को भी रंगे हाथों पकड़कर उनके कब्जे से नकदी और ताश के पत्ते जब्त किए। पुलिस के अनुसार, 18 जून 2026 को दर्ज मारपीट के मामले में आरोपी रामसुजान साहू, लवकुश साहू और ओमप्रकाश साहू, निवासी कैलवारा, काफी समय से फरार चल रहे थे। लगातार तलाश के बाद 27 जुलाई को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
वहीं दूसरी कार्रवाई में मुखबिर की सूचना पर चाका बायपास स्थित राधे के टपरे के पास दबिश देकर पुलिस ने कमल चौधरी, शोभित साहू, आकाश कोल और शेबू खान को ताश के पत्तों पर दांव लगाकर जुआ खेलते हुए पकड़ा। मौके से ₹1,120 नकद और 52 ताश के पत्ते जब्त किए गए। आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने बताया कि कार्रवाई के दौरान आरोपी सड़क पर हंगामा कर राहगीरों के साथ अभद्रता करने लगे, जिसके चलते उन्हें प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के तहत गिरफ्तार कर एसडीएम न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। इस पूरी कार्रवाई में प्रधान आरक्षक सुनील पाण्डेय, राहुल मिश्रा, महेन्द्र सिंह, शिवशंकर दुबे, ताहिर खान तथा आरक्षक मनोज सिंह, विजय प्रजापति, शिशिर पाण्डेय सहित कुठला थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *