आठ माह से लापता कै
कटनी। गुमशुदा महिला, पुरुष एवं बालक-बालिकाओं की तलाश कर उन्हें सकुशल परिजनों तक पहुंचाने के लिए कटनी पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस की विशेष टीम ने करीब आठ माह से लापता एक पुरुष सहित अलग-अलग स्थानों से गुम हुई एक महिला को सकुशल दस्तयाब कर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। लंबे समय से अपनों की तलाश कर रहे परिवारों के चेहरों पर अपनों के वापस लौटने से खुशी लौट आई। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा (भा.पु.से.) के निर्देश पर थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय द्वारा गुमशुदा महिला, पुरुष एवं बच्चों की पतासाजी के लिए विशेष टीम गठित की गई है। टीम लगातार गुमशुदाओं की तलाश कर उनकी सुरक्षित वापसी के प्रयास कर रही है।
आठ माह से लापता कैलाश कोल को खोज निकाला
पुलिस की विशेष टीम ने 16 नवंबर 2026 को करीब आठ माह से लापता कैलाश कोल पिता कट्टी कोल, उम्र 31 वर्ष, निवासी पिपरिया कला, थाना बरही, जिला कटनी को सकुशल दस्तयाब किया। पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद उन्हें उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
अस्पताल के बाहर से लापता महिला ग्राम करहैया में मिली
इसी तरह 28 अक्टूबर 2026 को शासकीय अस्पताल कटनी के बाहर से अचानक लापता हुई करिश्मा बेन पिता बहोरी लाल बेन, उम्र 24 वर्ष, निवासी ग्राम बरछेका, थाना बड़वारा को भी पुलिस ने तलाश कर ग्राम करहैया से सकुशल दस्तयाब किया। इसके बाद महिला को आवश्यक कार्रवाई करते हुए उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
गुमशुदाओं की शत-प्रतिशत दस्तयाबी का प्रयास
थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में थाना स्तर पर गुमशुदा महिला, पुरुष एवं बालक-बालिकाओं की तलाश के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। प्रत्येक गुमशुदा की पतासाजी कर उनकी सकुशल दस्तयाबी सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में एक महिला और एक पुरुष को सकुशल दस्तयाब कर परिजनों से मिलाया गया है।
इन पुलिसकर्मियों की रही सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं उप पुलिस अधीक्षक अजाक अनिमेष द्विवेदी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय, प्रधान आरक्षक रमाकांत तिवारी, नितिन जायसवाल एवं आरक्षक अजीत सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कोतवाली पुलिस की इस कार्रवाई से दो परिवारों को बड़ी राहत मिली है। पुलिस का कहना है कि गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश और उनकी सुरक्षित वापसी के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।