एक माह से लापता युवती को इंदौर से सकुशल वापस लाई कोतवाली पुलिस, पुलिस की समझाइश और भरोसे से परिवार में फिर लौटी खुशियां
कटनी। कोतवाली पुलिस ने करीब एक माह से लापता 21 वर्षीय युवती को इंदौर से सकुशल दस्तयाब कर उसके परिवार से मिलाने में सफलता हासिल की है। पुलिस की समझाइश और भरोसे का असर ऐसा हुआ कि युवती स्वयं अपने घर वापस लौट आई। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए उसे सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर जिले में गुमशुदा बालक-बालिकाओं सहित महिला एवं पुरुषों की तलाश के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय के नेतृत्व और चौकी प्रभारी बस स्टैंड उपनिरीक्षक नेहा मौर्य की अगुवाई में पुलिस टीम ने युवती की तलाश शुरू की।
जानकारी के अनुसार, 22 जुलाई 2026 को झुरही टोला, कैलवारा फाटक निवासी कुसुम बर्मन ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी 21 वर्षीय पुत्री 21 जुलाई को घर से बिना बताए कहीं चली गई है। परिजनों ने आशंका जताई थी कि कोई अज्ञात व्यक्ति युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। रिपोर्ट पर पुलिस ने गुम इंसान कायम करते हुए अपराध क्रमांक 982/2026, धारा 140(3) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की।
मोबाइल बंद होने से बढ़ी चुनौती
विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने युवती के रिश्तेदारों, परिचितों और संभावित ठिकानों पर लगातार तलाश की। युवती का मोबाइल फोन बंद होने के कारण उसकी लोकेशन का पता लगाने में पुलिस को परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद पुलिस ने लगातार प्रयास जारी रखे और साइबर सेल की मदद से युवती के इंदौर में होने की जानकारी प्राप्त की।
इसके बाद पुलिस टीम ने युवती से संपर्क स्थापित किया और उसे समझाइश देते हुए घर लौटने के लिए प्रेरित किया। पुलिस ने उसे भरोसा दिलाया कि उसके अचानक घर से चले जाने के कारण परिवारजन बेहद चिंतित हैं और उसकी सकुशल वापसी का इंतजार कर रहे हैं। पुलिस की समझाइश और भरोसे का सकारात्मक असर हुआ और युवती अपने परिवार के पास वापस लौट आई। पुलिस ने युवती को सकुशल दस्तयाब कर आवश्यक कार्रवाई के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
काउंसलिंग में सामने आई वजह
पुलिस द्वारा युवती की काउंसलिंग भी की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय और चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक नेहा मौर्य द्वारा की गई काउंसलिंग के दौरान युवती ने बताया कि पति से विवाद के कारण परेशान होकर वह पहले अपने मायके चली गई थी और बाद में घर में बिना बताए इंदौर चली गई। पुलिस ने युवती को भविष्य में किसी भी परेशानी की स्थिति में परिजनों अथवा पुलिस से संपर्क करने की समझाइश दी। पूरी कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं उप पुलिस अधीक्षक अजाक शिवा पाठक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय, चौकी प्रभारी बस स्टैंड उपनिरीक्षक नेहा मौर्य, प्रधान आरक्षक सुशील पाण्डेय एवं आरक्षक सतेन्द्र पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।