कटनी के खनिज उद्योगों को मिलेगी नई उड़ान, डांग में गैंगसॉ मशीनें लगाने और विद्युत सबस्टेशन पर मंथन, कलेक्टर, एसपी और डीएफओ ने किया खदानों का निरीक्षण

कटनी। जिले में खनिज आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने और स्थानीय खनिज संसाधनों का बेहतर उपयोग करने के उद्देश्य से जनसंवाद कार्यक्रम के अंतर्गत रीठी विकासखंड में उद्यम संवाद आयोजित किया गया। इस दौरान डांग गांव स्थित सैंड स्टोन और फर्सी पत्थर की खदानों का कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक एवं डीएफओ ने निरीक्षण कर खनन और पत्थर प्रसंस्करण की संभावनाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान खरे स्टोन के प्रोपराइटर अमन खरे की सैंड स्टोन माइंस में अधिकारियों ने पत्थरों की कटाई और प्रसंस्करण की प्रक्रिया को समझा। इस दौरान खदान संचालकों ने क्षेत्र में गैंगसॉ मशीनें स्थापित करने तथा इनके लिए शासन की अनुदान योजनाओं का लाभ लेने की संभावनाओं पर चर्चा की।
डीजल की जगह बिजली से मशीनें चलाने की पहल
खदान संचालकों ने क्षेत्र में विद्युत सबस्टेशन स्थापित करने की मांग भी रखी। उनका कहना है कि बिजली की उपलब्धता से गैंगसॉ मशीनों का संचालन डीजल के स्थान पर विद्युत ऊर्जा से किया जा सकेगा। इससे उत्पादन लागत कम करने, प्रसंस्करण क्षमता बढ़ाने और खनिज उद्योगों को आर्थिक रूप से अधिक व्यवहार्य बनाने में मदद मिल सकती है।
फर्सी पत्थर के प्रसंस्करण की तकनीक का लिया जायजा
सैंड स्टोन माइंस के निरीक्षण के बाद अधिकारियों ने फर्सी पत्थर की खदान का भी भ्रमण किया। यहां विशेषज्ञों ने पत्थर के बड़े ब्लॉकों से विभिन्न आकार और माप के स्लैब तैयार करने की तकनीकी प्रक्रिया की जानकारी दी। अधिकारियों ने पत्थर के प्रसंस्करण और स्थानीय स्तर पर तैयार उत्पादों के माध्यम से अधिक मूल्य अर्जित करने की संभावनाओं को समझा।
स्थानीय संसाधनों से बढ़ेंगे निवेश और रोजगार के अवसर
उद्यम संवाद का मुख्य उद्देश्य जिले में उपलब्ध खनिज संपदा का स्थानीय स्तर पर प्रसंस्करण बढ़ाना, नए उद्योगों की स्थापना को प्रोत्साहित करना और निवेश के अनुकूल परिस्थितियां विकसित करना है। गैंगसॉ मशीनों की स्थापना और विद्युत आपूर्ति की बेहतर व्यवस्था से पत्थर उद्योग को नई दिशा मिल सकती है। इस पहल से स्थानीय खनिज संसाधनों का बेहतर उपयोग होने के साथ क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा करने और औद्योगिक विकास को गति देने की संभावनाएं हैं।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *