कटनी एसपी ने की अपराधों की समीक्षा, ग्राउंड पुलिसिंग और तकनीकी जांच पर दिया जोर, ग्राउंड पुलिसिंग को मजबूत बनाने दिए निर्देश
कटनी। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने बुधवार को पुलिस कंट्रोल रूम में जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों की अपराध समीक्षा बैठक लेकर कानून व्यवस्था, लंबित प्रकरणों और अपराध नियंत्रण की समीक्षा की। बैठक में ग्राउंड पुलिसिंग को मजबूत करने, तकनीकी संसाधनों के अधिकतम उपयोग और आमजन में सुरक्षा की भावना बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में एसपी ने निर्देश दिए कि थाना और चौकी स्तर पर पुलिस की सक्रिय मौजूदगी बढ़ाई जाए तथा सामाजिक और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी निगरानी रखते हुए उनके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने संपत्ति संबंधी अपराधों की विवेचना में सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और वैज्ञानिक अनुसंधान पद्धति का अधिक से अधिक उपयोग करने के निर्देश दिए। यातायात व्यवस्था को लेकर एसपी ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ धारा 185 मोटरयान अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई करने तथा सभी प्रकार के वाहनों की सघन जांच के निर्देश दिए। वहीं, एनडीपीएस एक्ट के मामलों में व्यावसायिक मात्रा में मादक पदार्थ की बरामदगी पर प्रभावी कार्रवाई और पूरे नेटवर्क का खुलासा करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में लोक शांति भंग करने वालों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई, सीसीटीएनएस, ई-साक्ष्य और ई-एफआईआर जैसी डिजिटल पुलिसिंग प्रणालियों के प्रभावी उपयोग, एससी-एसटी एक्ट के मामलों में समय-सीमा के भीतर चालान प्रस्तुत करने तथा सीएम हेल्पलाइन और जनसुनवाई की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने के निर्देश भी दिए गए। एसपी ने पुलिस कर्मियों को निर्धारित वर्दी में ड्यूटी करने, आवश्यकतानुसार बॉडी वॉर्न कैमरा एवं रिफ्लेक्टर का उपयोग करने और आमजन से बेहतर एवं विनम्र व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण के साथ जनता को बेहतर पुलिसिंग का अनुभव कराना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा, डीएसपी अजाक शिवा पाठक, एसडीओपी विजयराघवगढ़ वीरेंद्र धार्वे, एसडीओपी स्लीमनाबाद आकांक्षा चतुर्वेदी, रक्षित निरीक्षक संध्या राजपूत सहित जिले के सभी थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी एवं विवेचक उपस्थित रहे।