मां वीरासन देवी मंदिर पहुंचे कटनी एसपी, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, नवरात्रि में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिस अलर्ट, सीसीटीवी से हो रही निगरानी, सिलौड़ी चौकी का भी किया निरीक्षण

कटनी। शारदेय नवरात्रि के अवसर पर कटनी पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने ढीमरखेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत चौकी सिलौड़ी में स्थित प्रसिद्ध मां वीरासन देवी मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और माता रानी का आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। नवरात्रि पर्व के दौरान मां वीरासन देवी के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। इसे देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात किया गया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सहायता और सुचारु दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ ही असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए विभिन्न स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी की जा रही है।
धार्मिक स्थलों की मर्यादा बनाए रखने के निर्देश
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने कहा कि धार्मिक स्थलों की पवित्रता, मर्यादा और गरिमा बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। मंदिर प्रबंधन समितियों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि परिसर में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि न हो और श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत न हों। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी करने तथा श्रद्धालुओं की सहायता को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने मंदिर प्रबंधन समिति और स्थानीय नागरिकों से भी अपील की कि वे शांति, सौहार्द और धार्मिक मर्यादा बनाए रखने में पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करें।
चौकी सिलौड़ी का किया निरीक्षण
मंदिर दर्शन एवं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के बाद पुलिस अधीक्षक ने चौकी सिलौड़ी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चौकी की व्यवस्थाओं और पुलिस कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही ड्यूटी के दौरान अनुशासन, सतर्कता और तत्परता बनाए रखने पर जोर दिया। इस अवसर पर एसडीओपी स्लीमनाबाद आकांक्षा चतुर्वेदी, थाना प्रभारी ढीमरखेड़ा महिमा रघुवंशी, चौकी प्रभारी सिलौड़ी अनिल पाण्डेय सहित पुलिस बल उपस्थित रहा।
कटनी पुलिस की अपील
कटनी पुलिस ने नागरिकों से नवरात्रि पर्व को श्रद्धा, भक्ति, शांति और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की है। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह किया है।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *