साइबर सुरक्षा के लिए दौड़ा कटनी, ‘सेफ क्लिक 2.0’ अभियान के तहत पुलिस ने कराई मैराथन दौड़, युवाओं ने साइबर ठगी से बचाव का लिया संकल्प

कटनी। साइबर अपराधों के प्रति आमजन, विशेषकर युवाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से कटनी पुलिस ने सोमवार को “सेफ क्लिक 2.0” अभियान के तहत पुलिस कंट्रोल रूम से माधवनगर गेट तक मैराथन दौड़ का आयोजन किया। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने हरी झंडी दिखाकर मैराथन को रवाना किया। मैराथन दौड़ में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, एसडीएम प्रमोद चतुर्वेदी, नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया, डीएसपी रत्नेश मिश्रा, जिला खेल अधिकारी सुनीता यादव, जिला शिक्षा अधिकारी एस. पाण्डेय सहित जिले के थाना प्रभारी, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, अग्निवीर अभ्यर्थी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने कहा कि डिजिटल युग में मोबाइल और इंटरनेट का उपयोग करते समय सतर्क रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने लोगों से फर्जी लिंक, संदिग्ध कॉल, ऑनलाइन निवेश के झांसे और साइबर ठगी से बचने की अपील की। साथ ही बताया कि किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कर पुलिस को सूचित करें। मैराथन के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। पुरुष वर्ग में सृजल तिवारी ने प्रथम, मोहित पटेल ने द्वितीय और आदर्श यादव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं महिला वर्ग में कुमारी शीतल गुरुम प्रथम, नेहा गौड़ द्वितीय और हर्षिता बर्मन तृतीय स्थान पर रहीं। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने साइबर अपराधों से स्वयं सुरक्षित रहने और समाज को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *