कटनी पुलिस का सरप्राइज चेकिंग अभियान जारी, हॉटस्पॉट क्षेत्रों में बढ़ाई निगरानी, हॉटस्पॉट एवं शैडो एरिया में पुलिस की बाइक पेट्रोलिंग

कटनी। जिले में अपराधों की रोकथाम, अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण और आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से कटनी पुलिस द्वारा सरप्राइज सघन चेकिंग एवं पेट्रोलिंग अभियान लगातार चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में विशेष अभियान संचालित किया गया।
चारों अनुविभागीय अधिकारियों के नेतृत्व में थाना प्रभारियों और पुलिस टीमों ने हॉटस्पॉट एवं शैडो एरिया में बाइक पेट्रोलिंग, पैदल गश्त और आकस्मिक चेकिंग की। इस दौरान गुंडे-बदमाशों, निगरानीशुदा अपराधियों, नकबजनों, लुटेरों, चाकूबाजों, जिलाबदर एवं रासुका के आरोपियों सहित अन्य संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच की गई। संदिग्ध गतिविधियां मिलने पर वैधानिक कार्रवाई करते हुए संबंधित लोगों को अपराध से दूर रहने की चेतावनी दी गई। अभियान के तहत होटल, लॉज, ढाबों, रैन बसेरों, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी विशेष निगरानी रखी गई। सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई।
यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी पुलिस ने सख्ती दिखाई। शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई। वहीं ब्लैक फिल्म, अनधिकृत हूटर और मॉडिफाइड साइलेंसर लगे वाहनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई भी की गई। पुलिस अधिकारियों ने संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल गश्त कर आमजन से संवाद किया तथा साइबर अपराध, महिला एवं बाल सुरक्षा, नशे के दुष्परिणाम और यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक किया। कटनी पुलिस ने नागरिकों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील की।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *