कटनी पुलिस का सरप्राइज चेकिंग अभियान जारी, गुंडे-बदमाशों और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर हुई कार्रवाई
कटनी। जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने के उद्देश्य से कटनी पुलिस द्वारा लगातार सरप्राइज सघन चेकिंग एवं पेट्रोलिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में देर शाम विशेष अभियान संचालित किया गया।
चारों अनुविभागीय अधिकारियों के नेतृत्व में थाना प्रभारियों एवं पुलिस बल ने हॉटस्पॉट और शैडो एरिया में बाइक पेट्रोलिंग तथा पैदल भ्रमण कर संदिग्ध व्यक्तियों और असामाजिक तत्वों की सघन जांच की। इस दौरान निगरानीशुदा बदमाश, गुंडे, नकबजन, लुटेरे, चाकूबाज, जिलाबदर और रासुका के आरोपियों सहित विभिन्न आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों की जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई तथा भविष्य में अपराध न करने की सख्त हिदायत दी गई।
अभियान के दौरान होटल, लॉज, रैन बसेरा, ढाबों, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य संवेदनशील स्थानों पर भी विशेष चेकिंग की गई। सार्वजनिक स्थानों पर अवैध रूप से शराब का सेवन करने वालों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर भी पुलिस की विशेष नजर रही। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई। वहीं ब्लैक फिल्म, हूटर और मॉडिफाइड साइलेंसर लगे वाहनों पर भी चालानी कार्रवाई की गई।
पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल भ्रमण कर आमजन से संवाद भी किया। इस दौरान लोगों को साइबर अपराध से बचाव, महिला सुरक्षा, नशे के दुष्परिणाम और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए कानून एवं यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई। कटनी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध इस प्रकार की सघन कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।