बदमाशों के खिलाफ कटनी पुलिस की सख्ती, 116 बदमाशों से भरवाए डोजियर, अपराध से दूर रहने दी हिदायत, डोजियर भरवाने में बरही सबसे आगे तो बड़वारा फिसड्डी
कटनी। जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से कटनी पुलिस ने आदतन अपराधियों एवं निगरानी बदमाशों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कुल 116 बदमाशों को थानों में तलब कर उनके डोजियर भरवाए गए। अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए की गई इस कार्यवाही में सभी थानों ने शानदार प्रदर्शन किया। इस दौरान जहां पर बरही थाने ने एक दर्जन बदमाशों के डोजियर भरवाए, वहीं आबादी के हिसाब से बड़े थानों में शुमार होने वाले बड़वारा में महज दो बदमाशों के डोडियार भरवाने की औपचारिकता निभाई गई। बड़वारा पुलिस की यह कार्यवाही ऐसा प्रतीत करती है जैसे बड़वारा थाना क्षेत्र अपराध मुक्त हो चुका है।
पुलिस अधिकारियों ने सभी आदतन अपराधियों, निगरानी बदमाशों एवं असामाजिक तत्वों को भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि, झगड़ा, मारपीट, अवैध कारोबार अथवा शांति व्यवस्था भंग करने वाले कार्यों से दूर रहने की सख्त हिदायत दी। साथ ही स्पष्ट किया गया कि त्योहारों और सार्वजनिक आयोजनों के दौरान कानून व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस द्वारा चलाए गए इस अभियान के तहत कोतवाली थाना क्षेत्र में 11, एनकेजे में 10, स्लीमनाबाद में 4, बहोरीबंद में 5, बाकल में 10, बरही में 12, उमरियापान में 5, कैमोर में 10, विजयराघवगढ़ में 9, बड़वारा में 2, कुठला में 10, रंगनाथ नगर में 8, माधवनगर में 7, ढीमरखेड़ा में 9 तथा रीठी थाना क्षेत्र में 8 डोजियर फॉर्म भरवाए गए। कटनी पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया कि जिले में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि अपराधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके और आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।








