कटनी पुलिस का ऑपरेशन शिकंजा, 207 लीटर से अधिक अवैध शराब बरामद, जिलेभर में एक साथ हुई रेड

कटनी पुलिस का ऑपरेशन शिकंजा, 207 लीटर से अधिक अवैध शराब बरामद, जिलेभर में एक साथ हुई रेड

कटनी। जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ कटनी पुलिस ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए “ऑपरेशन शिकंजा” चलाया। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में जिलेभर में एक साथ दबिश देकर शराब माफियाओं के नेटवर्क पर प्रहार किया गया। कार्रवाई के दौरान 64 शराब कारोबारियों के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किए गए। पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, अवैध शराब निर्माण एवं विक्रय में संलिप्त अपराधियों के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान के तहत कुल 113.31 लीटर अवैध अंग्रेजी एवं देशी प्लेन/मसाला शराब तथा 94 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की गई। कुल 207.31 लीटर अवैध शराब की कीमत लगभग 78 हजार 950 रुपए आंकी गई है।
इस अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ संतोष डेहरिया के मार्गदर्शन में जिले के सभी अनुविभागीय पुलिस अधिकारियों, थाना प्रभारियों और पुलिस टीमों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस ने जिलेभर में एक साथ रेड कर अवैध शराब कारोबार में लिप्त लोगों पर शिकंजा कसा। कटनी पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार को जड़ से खत्म करने के उद्देश्य से “ऑपरेशन शिकंजा” लगातार जारी रहेगा और अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यदि कहीं भी अवैध शराब के निर्माण या बिक्री की सूचना मिले तो तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 7587615946 पर जानकारी दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Recent Post