कटनी पुलिस का ‘ऑपरेशन शिकंजा’, 59 शराब माफियाओं पर कार्रवाई, 145 लीटर अवैध शराब जब्त

कटनी पुलिस का ‘ऑपरेशन शिकंजा’, 59 शराब माफियाओं पर कार्रवाई, 145 लीटर अवैध शराब जब्त

कटनी। जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर लगाम लगाने के लिए कटनी पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन शिकंजा’ के तहत शुक्रवार को जिलेभर में एक साथ बड़ी कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान पुलिस ने 59 शराब कारोबारियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर करीब 144.88 लीटर अवैध शराब जब्त की, जिसकी अनुमानित कीमत 73,370 रुपये बताई गई है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के मार्गदर्शन में जिले के सभी अनुविभागीय पुलिस अधिकारियों, थाना प्रभारियों और उनकी टीमों ने एक साथ विभिन्न क्षेत्रों में दबिश देकर कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान 122.88 लीटर अवैध अंग्रेजी, देशी प्लेन और मसाला शराब तथा 22 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। कुल 59 आरोपियों के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत 59 अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन शिकंजा का उद्देश्य जिले में अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाना और नशे के नेटवर्क को पूरी तरह समाप्त करना है। आने वाले दिनों में भी यह अभियान लगातार जारी रहेगा। कटनी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध शराब के निर्माण या बिक्री की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 7587615946 पर सूचना दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Recent Post