कटनी पुलिस का ऑपरेशन शिकंजा, 45 शराब माफियाओं पर कार्रवाई, 126.84 लीटर अवैध शराब जब्त

कटनी। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए कटनी पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन शिकंजा” के तहत शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की गई। जिलेभर में एक साथ की गई रेड कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 45 शराब कारोबारियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज करते हुए भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया के मार्गदर्शन में जिले के सभी अनुविभागीय पुलिस अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं पुलिस टीमों ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान अवैध शराब निर्माण एवं बिक्री में संलिप्त 45 व्यक्तियों के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत 45 प्रकरण दर्ज किए गए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 45.84 लीटर अवैध अंग्रेजी, देशी प्लेन एवं मसाला शराब तथा 81 लीटर कच्ची महुआ शराब सहित कुल 126.84 लीटर अवैध शराब बरामद की। जब्त शराब की अनुमानित कीमत लगभग 43 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार अभियान का उद्देश्य जिले में नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाना तथा इसमें संलिप्त तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करना है। कटनी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, परिवहन एवं विक्रय के विरुद्ध आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस की अपील
कटनी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध शराब के निर्माण या बिक्री की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 7587615946 पर सूचना दें। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *