आधुनिक टैबलेट से लैस हुए कटनी पुलिस के विवेचना अधिकारी, डीआईजी ने वितरित किए टैबलेट, अब और अधिक सशक्त होगी विवेचना
कटनी। पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली को आधुनिक, प्रभावी एवं तकनीकी रूप से सशक्त बनाने की दिशा में कटनी पुलिस द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। पुलिस मुख्यालय से प्राप्त आधुनिक तकनीकी सुविधाओं से युक्त टैबलेट जिले के विभिन्न थानों में पदस्थ विवेचना अधिकारियों को उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे अनुसंधान कार्यों में तेजी, पारदर्शिता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके। इसी क्रम में आज 1 जून 2026 को उप पुलिस महानिरीक्षक जबलपुर रेंज अतुल सिंह (भा.पु.से.) ने कटनी जिले के विवेचना अधिकारियों को टैबलेट वितरित किए गए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा ने बताया कि पूर्व में प्राप्त 10 तथा नवीन प्राप्त 210 टैबलेट सहित कुल 220 टैबलेट कटनी पुलिस को प्राप्त हुए हैं, जिन्हें जिले के सभी थानों के विवेचना अधिकारियों को प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इन आधुनिक उपकरणों का प्रभावी उपयोग करते हुए डिजिटल एवं अन्य प्रकार के साक्ष्यों का बेहतर संकलन, सुरक्षित संरक्षण एवं प्रबंधन सुनिश्चित करें तथा ई-विवेचना ऐप के माध्यम से अनुसंधान कार्यों को अधिक पारदर्शी, त्वरित एवं प्रभावी ढंग से संपादित करें।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों को ऑनलाइन अनुसंधान, केस डायरी संधारण, डिजिटल साक्ष्यों के संरक्षण, साइबर अपराधों की विवेचना संबंधी तकनीकों एवं अन्य तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही गुणवत्तापूर्ण एवं वैज्ञानिक विवेचना के लिए आधुनिक तकनीकों के उपयोग पर विशेष बल दिया गया। कटनी पुलिस द्वारा भविष्य में भी पुलिस बल को तकनीकी रूप से सक्षम, प्रशिक्षित एवं दक्ष बनाने हेतु निरंतर प्रयास किए जाते रहेंगे, जिससे आमजन को बेहतर एवं त्वरित पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।








