कटनी पुलिस का आदतन अपराधियों पर सख्त प्रहार, कुख्यात बदमाश अली उर्फ साहिल जिलाबदर, निवार पुलिस ने किया जिले से बाहर

कटनी। शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए कटनी पुलिस ने आदतन एवं सक्रिय अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के प्रतिवेदन पर जिला दंडाधिकारी आशीष तिवारी ने एक कुख्यात बदमाश के खिलाफ 5 माह का जिलाबदर आदेश जारी किया है। जिलाबदर किया गया बदमाश अली उर्फ साहिल पिता अब्दुल नवाब खान, उम्र 23 वर्ष, निवासी पहाड़ी निवार, चौकी निवार, थाना माधवनगर, जिला कटनी है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है। उसके खिलाफ शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में गंभीर धाराओं में कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पूर्व में भी उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई, लेकिन इसके बावजूद उसके आपराधिक आचरण में अपेक्षित सुधार नहीं आया।
लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहने के कारण क्षेत्र की लोकशांति एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कटनी द्वारा मध्यप्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम, 1990 के तहत जिलाबदर की कार्रवाई का प्रतिवेदन जिला दंडाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया गया। प्रकरण के विधिवत परीक्षण और विचारण के बाद जिला दंडाधिकारी कटनी ने आरोपी अली उर्फ साहिल को 05 माह की अवधि के लिए जिला कटनी सहित सीमावर्ती राजस्व सीमाओं से बाहर रहने का आदेश जारी किया है। पुलिस का कहना है कि जिले में अपराध एवं अपराधियों पर नियंत्रण के लिए आदतन बदमाशों के खिलाफ इस तरह की प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *