कटनी पुलिस ने चलाया मेगा कॉम्बिंग ऑपरेशन, 118 वारंटी गिरफ्तार, अपराधियों पर व्यापक कार्रवाई
कटनी। जिले में अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण तथा कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से कटनी पुलिस ने रविवार को जिलेभर में विशेष मेगा कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा एवं डीएसपी शिवा पाठक के मार्गदर्शन में सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने फरार वारंटियों, निगरानीशुदा एवं गुंडा बदमाशों, जिलाबदर अपराधियों तथा अन्य असामाजिक तत्वों के संभावित ठिकानों पर दबिश देकर बड़ी कार्रवाई की। अभियान में कुल 118 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें 23 स्थाई वारंटी, 66 गिरफ्तारी वारंटी तथा 29 जमानती वारंट तामील किए गए। इसके अलावा 29 समंस भी संबंधित व्यक्तियों को विधिवत तामील कराए गए। कॉम्बिंग ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने 48 गुंडा बदमाशों, 40 निगरानीशुदा बदमाशों तथा 11 जिलाबदर एवं आदतन अपराधियों का सत्यापन कर उनकी गतिविधियों की जांच की। अवैध गतिविधियों के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत 16 प्रकरण, जुआ एक्ट के तहत 5 प्रकरण तथा पुलिस एक्ट के तहत 7 व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की।
प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के तहत शांति भंग की आशंका पर 11 व्यक्तियों के खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस, जबकि 75 व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 126/135 बीएनएसएस के तहत 68 प्रकरण दर्ज किए गए। वहीं लोक शांति बार-बार भंग करने पर 17 व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 129 बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई। रात्रिकालीन सुरक्षा अभियान के दौरान 39 यात्रियों का सत्यापन, 19 होटल, ढाबों एवं सरायों की जांच तथा 12 बैंकों के एटीएम की चेकिंग की गई। इसके अलावा शराब पीकर वाहन चलाने वाले 10 चालकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई करते हुए उनके वाहन जब्त किए गए।
कटनी पुलिस ने कहा कि यह अभियान अपराधियों के विरुद्ध ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति का प्रभावी उदाहरण है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि, अवैध शराब, फरार अपराधी या संदिग्ध व्यक्ति की जानकारी तत्काल निकटतम पुलिस थाना अथवा पुलिस कंट्रोल रूम पर दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।