नवरात्रि पर अलर्ट मोड में कटनी पुलिस, गरबा पंडालों में सादे कपड़ों में तैनात हुई महिला पुलिसकर्मी, शक्ति टीम गठित, पैदल गश्त और मोबाइल पेट्रोलिंग से बढ़ाई गई सुरक्षा, संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की हो रही जांच

कटनी। शारदीय नवरात्रि एवं दुर्गा पूजा पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए कटनी पुलिस अलर्ट मोड पर है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में जिलेभर के धार्मिक स्थलों, गरबा पंडालों, दुर्गा प्रतिमा स्थलों और प्रमुख बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विशेष शक्ति टीम तैनात की गई है।

गरबा की वेशभूषा में तैनात महिला पुलिसकर्मी
नवरात्रि के दौरान गरबा एवं अन्य धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजनों में सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए महिला पुलिसकर्मियों को पारंपरिक गरबा वेशभूषा में सादे कपड़ों में पंडालों में तैनात किया गया है। ये महिला पुलिसकर्मी आम प्रतिभागियों के बीच रहकर गतिविधियों पर नजर रखेंगी और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करेंगी। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं सहित सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना और असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखना है।
धार्मिक स्थलों और बाजारों में सघन निगरानी
पुलिस द्वारा जिले के प्रमुख धार्मिक स्थलों, दुर्गा पूजा पंडालों, गरबा महोत्सव स्थलों, बाजारों और प्रमुख चौराहों पर फिक्स पॉइंट बनाकर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। इसके साथ ही पुलिस अधिकारी और कर्मचारी अपने-अपने थाना क्षेत्रों में पैदल गश्त एवं मोबाइल पेट्रोलिंग कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं।
गश्त के दौरान भीड़भाड़ वाले इलाकों, धार्मिक स्थलों और बाजार परिसरों में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच की जा रही है। पुलिस की टीमें संदिग्ध गतिविधियों और आपत्तिजनक वस्तुओं पर भी नजर रख रही हैं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।
नागरिकों और व्यापारियों से किया संवाद
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों से संवाद किया। पुलिस ने लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए नवरात्रि एवं दुर्गा पूजा का पर्व आपसी भाईचारे, शांति और सद्भाव के साथ मनाने की अपील की। कटनी पुलिस द्वारा पर्व के दौरान लगातार निगरानी, गश्त, मोबाइल पेट्रोलिंग और आवश्यक चेकिंग की जा रही है। पुलिस का उद्देश्य श्रद्धालुओं को निर्भय होकर धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में शामिल होने का अवसर देना और जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखना है।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *