चोरी-लूट पर सख्त हुई कटनी पुलिस, आदतन अपराधियों को थाने बुलाकर दी चेतावनी
कटनी। जिले में चोरी, झपटमारी और लूट की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए कटनी पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में 30 जून को शहर के सभी थाना क्षेत्रों के साथ रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और जीआरपी की संयुक्त टीम ने अभियान चलाकर आदतन अपराधियों की गतिविधियों का सत्यापन किया। अभियान के दौरान चोरी, झपटमारी और लूट के मामलों में पहले से चिन्हित अपराधियों को संबंधित थानों में बुलाया गया। पुलिस ने उनकी वर्तमान गतिविधियों की जानकारी ली, विस्तृत डोजियर तैयार किया और उनका डिजिटल रिकॉर्ड भी अपडेट किया। साथ ही सभी को भविष्य में किसी भी आपराधिक गतिविधि में शामिल न होने की कड़ी चेतावनी दी गई।
पुलिस के अनुसार इस अभियान का उद्देश्य शहर और रेलवे क्षेत्र में होने वाली चोरी, मोबाइल झपटमारी एवं लूट की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना तथा आदतन अपराधियों की लगातार निगरानी करना है। कटनी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे। यदि कोई व्यक्ति दोबारा आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पाया जाता है तो उसके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। यह अभियान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन में संचालित किया गया। अभियान में कोतवाली, माधवनगर, कुठला, एनकेजे, रंगनाथनगर थाना पुलिस के साथ आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई।








