नवरात्रि पर्व को लेकर कटनी पुलिस अलर्ट, एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने प्रमुख स्थलों का किया पैदल भ्रमण, गरबा, रामलीला और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
कटनी। शारदेय नवरात्र एवं दुर्गा महोत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए कटनी पुलिस पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने मंगलवार को शहर के प्रमुख दुर्गा पंडालों, धार्मिक स्थलों और गरबा, रामलीला सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन स्थलों का पैदल भ्रमण कर सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, यातायात संचालन, पार्किंग और रूट डायवर्जन की तैयारियों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।प्रमुख चौराहों और धार्मिक स्थलों का किया निरीक्षण
पुलिस अधीक्षक ने माधवनगर चौराहा, तांगा स्टैंड, रामलीला ग्राउंड, मिशन चौक, आजाद चौक, लक्ष्मी नारायण मंदिर, खेरमाई मंदिर, रामलीला गोल बाजार, चौपाटी, मुड़वारा सिविल लाइन चेकिंग पॉइंट, बाबा घाट, एनकेजे बजरिया, दुर्गा चौक, गर्ग चौराहा, घंटाघर, जालपा मंदिर, चांडक चौक, बस स्टैंड, पन्ना तिराहा, कृषि उपज मंडी और इंद्रा नगर सहित शहर के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का निरीक्षण किया।
भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था पर विशेष जोर
निरीक्षण के दौरान एसपी ने निर्देश दिए कि गरबा, रामलीला और अन्य धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजनों में संभावित भीड़ को देखते हुए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए। प्रमुख मार्गों पर यातायात सुचारु बनाए रखने, पार्किंग की उचित व्यवस्था करने और आवश्यकता के अनुसार रूट डायवर्जन की योजना पहले से तैयार रखने पर जोर दिया गया, ताकि श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
सीसीटीवी से होगी प्रमुख स्थलों की निगरानी
अपराधिक गतिविधियों पर नजर रखने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए प्रमुख दुर्गा पंडालों, धार्मिक स्थलों एवं संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। एसपी ने संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा इंतजामों की नियमित समीक्षा करने और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने को कहा।
आयोजन समितियों से सहयोग की अपील
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने विभिन्न आयोजन समितियों और कार्यक्रम आयोजकों से चर्चा कर पर्व के दौरान शांति, कानून-व्यवस्था और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, आम नागरिकों की सुविधा और आयोजनों को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। कटनी पुलिस द्वारा नवरात्र एवं दुर्गा महोत्सव के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने, यातायात को सुगम बनाने और नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए लगातार निगरानी एवं आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं। निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, डीएसपी हेडक्वार्टर रत्नेश मिश्रा, डीएसपी अनिमेष द्विवेदी, थाना प्रभारी यातायात अनूप सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।