कटनी पुलिस का एक्शन, शहर की सड़कों में एसपी ने देर रात संभाली कमान, शैडो एरिया से लेकर रेलवे स्टेशन तक किया सघन चेकिंग

कटनी। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से कटनी पुलिस ने विशेष सुरक्षा अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के मार्गदर्शन में जिलेभर में शैडो एरिया, संवेदनशील स्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर सघन वाहन चेकिंग, फ्रिस्किंग और पैदल गश्त की गई।
अभियान के दौरान पुलिस अधीक्षक स्वयं देर शाम मिशन चौक, मुड़वारा रेलवे स्टेशन, इंदिरा नगर तिराहा सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचे और पुलिस व्यवस्थाओं का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने वाहन चेकिंग, संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी और गश्त का जायजा लेते हुए अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस टीमों ने प्रमुख चौराहों, बाजारों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अपराध संभावित क्षेत्रों में संदिग्ध वाहनों की जांच की। संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर उनकी पहचान सत्यापित की गई तथा आवश्यकतानुसार फ्रिस्किंग की गई। वहीं सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर भी चालानी कार्रवाई की गई। कटनी पुलिस का कहना है कि रात्रिकालीन गश्त, शैडो एरिया चेकिंग और संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी आगे भी लगातार जारी रहेगी, ताकि अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके तथा आमजन में सुरक्षा का विश्वास बना रहे।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *