सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण में कटनी नगर निगम टॉप-10 में, ए ग्रेड के साथ प्रदेश में हासिल किया आठवां स्थान

कटनी। सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के मामले में नगर पालिक निगम कटनी ने प्रदेश स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। 21 अगस्त को जारी प्रदेश स्तरीय ग्रेडिंग में नगर निगम कटनी ने प्रथम समूह के नगर निगमों की श्रेणी में 92.33 प्रतिशत वेटेज स्कोर के साथ ए ग्रेड प्राप्त करते हुए प्रदेश में आठवां स्थान हासिल किया है।
यह उपलब्धि निगमायुक्त तपस्या परिहार के कुशल नेतृत्व, नियमित समीक्षा, सतत मॉनिटरिंग तथा नागरिकों की शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण पर दिए जा रहे विशेष जोर का परिणाम है। निगमायुक्त द्वारा सीएम हेल्पलाइन में दर्ज प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जाते रहे हैं।
860 शिकायतों के निराकरण में प्रभावी कार्यवाही
जुलाई 2026 के दौरान सीएम हेल्पलाइन पर नगर निगम से संबंधित कुल 860 शिकायतें प्राप्त हुईं। इन शिकायतों के निराकरण में निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा संवेदनशीलता, जवाबदेही और परिणामोन्मुख कार्यप्रणाली के साथ कार्य किया गया। शिकायतों के समाधान के साथ-साथ नागरिक संतुष्टि को भी प्राथमिकता दी गई, जिसके परिणामस्वरूप शिकायतों के संतुष्टिपूर्ण निराकरण में 53.58 वेटेज स्कोर प्राप्त हुआ।
निगमायुक्त तपस्या परिहार ने इस उपलब्धि पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि नागरिकों की समस्याओं का समय पर और संतुष्टिपूर्ण समाधान नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों की नियमित समीक्षा एवं सतत मॉनिटरिंग जारी रखते हुए प्रत्येक शिकायत का त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *