कटनी ब्लड डोनर सोसायटी ने झुकिया कांप गांव में मनाई ‘दिवाली दिल से’, बच्चों के चेहरों पर बिखरी मुस्कान, 400 बच्चों और महिलाओं को बांटी गई मिठाई, कपड़े, खिलौने और दीपावली की सामग्री

कटनी। कटनी ब्लड डोनर एण्ड वेलफेयर सोसाइटी (रजि.) द्वारा संचालित सेवा अभियान ‘दिवाली दिल से–आओ मिलकर खुशियां बांटें’ के तहत इस वर्ष भी ग्राम झुकिया कांप में जरूरतमंद बच्चों और परिवारों के साथ दीपावली का पर्व हर्षोल्लास से मनाया गया। संस्था के सदस्यों और शहर के दानदाताओं के सहयोग से आयोजित इस सेवा अभियान में बच्चों को उपहार और दीपावली की सामग्री वितरित कर उनके चेहरों पर मुस्कान बिखेरी गई। अभियान के अंतर्गत संस्था के सदस्य निर्धारित समय पर ग्राम झुकिया कांप पहुंचे और ग्रामीणों के साथ आत्मीयता से दीपावली की खुशियां साझा कीं। इस दौरान शहरवासियों द्वारा उपलब्ध कराए गए नए एवं अच्छी स्थिति के कपड़े, खिलौने, मिठाई, बिस्किट, नमकीन, पटाखे और बच्चों के उपयोग की अन्य आवश्यक सामग्री का वितरण किया गया।
उपहार पाकर बच्चों के चेहरों पर छाई खुशी और उनकी मासूम मुस्कान ने उपस्थित सदस्यों का मन भावुक कर दिया। कार्यक्रम के दौरान लगभग 300 से 400 बच्चों एवं महिलाओं को दीपावली की आवश्यक सामग्री वितरित की गई। ग्रामीणों ने संस्था के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में आपसी प्रेम, अपनत्व और सहयोग की भावना को मजबूत बनाते हैं।
जरूरतमंदों तक खुशियां पहुंचाना अभियान का उद्देश्य
संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि ‘दिवाली दिल से’ अभियान का उद्देश्य केवल जरूरतमंदों को सामग्री वितरित करना नहीं, बल्कि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों तक खुशियां पहुंचाना और उन्हें यह एहसास कराना है कि समाज उनके साथ खड़ा है। दीपावली का वास्तविक महत्व तभी सार्थक होता है, जब त्योहार की खुशियों में जरूरतमंदों की मुस्कान भी शामिल हो। उन्होंने कहा कि अभियान की सफलता शहर के उदार दानदाताओं, समाजसेवियों, स्वयंसेवकों और संस्था के समर्पित सदस्यों के सहयोग का परिणाम है। सभी के सामूहिक प्रयासों से जरूरतमंद परिवारों के बीच त्योहार की खुशियां पहुंचाना संभव हो सका।
आगे भी जारी रहेंगे सेवा कार्य
संस्था ने कहा कि भविष्य में भी इसी तरह सामाजिक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों के माध्यम से समाज सेवा के कार्य निरंतर जारी रखे जाएंगे। कार्यक्रम के अंत में संस्था की ओर से अभियान में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी दानदाताओं, समाजसेवियों, स्वयंसेवकों एवं सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। संस्था ने सभी सहयोगियों के योगदान को अभियान की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए कहा कि समाज के सहयोग और सामूहिक संवेदनशीलता से ही जरूरतमंदों के जीवन में खुशियों के दीप जलाए जा सकते हैं।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *