कटाये घाट पर कटनी ब्लड डोनर एंड वेलफेयर सोसायटी ने किया दीपदान, सेवा और समर्पण का लिया संकल्प, गोवर्धन पूजा पर दीपों से जगमगाया नदी तट, सदस्यों ने परिवार सहित की सुख-समृद्धि की कामना

कटनी। गोवर्धन पूजा की पावन संध्या पर कटनी ब्लड डोनर एंड वेलफेयर सोसायटी (पंजी.) द्वारा कटाये घाट नदी तट पर सामूहिक दीपदान एवं दीपावली मिलन समारोह श्रद्धा, उल्लास और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर संस्था के सदस्यों एवं उनके परिवारजनों ने दीप प्रज्वलित कर सुख-समृद्धि की कामना की तथा प्रकृति के प्रति आस्था और संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रीमती रोशनी जायसवाल ने की। दीपदान के दौरान नदी तट पर भक्तिमय वातावरण रहा। दीप प्रज्वलन के पश्चात सभी सदस्यों ने प्रभु श्रीराम एवं रामभक्त हनुमान जी के दर्शन कर संस्था की निरंतर प्रगति, समाजसेवा के कार्यों की सफलता तथा सभी के सुखमय जीवन की प्रार्थना की।
जीवों के प्रति करुणा और प्रकृति संरक्षण का संदेश
समारोह के दौरान नदी में रहने वाली मछलियों को दाना खिलाकर जीव-जंतुओं के प्रति दया, करुणा और संरक्षण की भावना को प्रोत्साहित किया गया। संस्था के सदस्यों ने इस अवसर पर मानव सेवा, गौ सेवा एवं अन्य सामाजिक कार्यों को पूर्व की भांति निरंतर समर्पण, निष्ठा और उत्साह के साथ आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
सेवा कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प
संस्था का यह आयोजन दीपावली के उल्लास के साथ सामाजिक एकजुटता, पारिवारिक सौहार्द और सेवा भावना को मजबूत करने का माध्यम बना। सदस्यों ने समाजहित में किए जा रहे कार्यों को और अधिक सक्रियता से आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम में संस्था के सचिव अखिलेश पुरवार, मंजू शर्मा, संतोष पांडे, अंकित बिलैया, शरद सोनी, रोशनी जायसवाल, रश्मि अग्रवाल, छवि गुप्ता, नेहा साहू, सिमरन शर्मा, धनश्री अग्रवाल सहित संस्था के अनेक सदस्य एवं उनके परिवारजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में संस्था की ओर से सभी सहभागी सदस्यों एवं उनके परिवारजनों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *