सराफा बाजार की सुरक्षा को लेकर कोतवाली थाने में हुई पुलिस और व्यापारियों की संयुक्त बैठक, सीसीटीवी से लेकर रात्रि गश्त तक बनी रणनीति, दुकानों में हाईटेक सुरक्षा उपकरण लगाने और संदिग्धों पर नजर रखने के दिए निर्देश

Oplus_16908288

कटनी। शहर के मध्य स्थित सराफा बाजार की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और चोरी, धोखाधड़ी सहित अन्य आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस एवं सराफा व्यापारियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। 16 नवंबर को थाना कोतवाली परिसर में हुई इस बैठक में पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों के साथ सुरक्षा संबंधी विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की और दुकानों की सुरक्षा को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर आयोजित बैठक में डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा, थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय, सराफा एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं शहर के प्रमुख सराफा व्यापारी उपस्थित रहे।
बाहरी राज्यों से आने वाले कर्मचारियों का भी होगा सत्यापन
बैठक में पुलिस अधिकारियों ने सराफा व्यापारियों से अपील की कि दुकानों में काम करने वाले कारीगरों एवं कर्मचारियों को रखने से पहले उनका अनिवार्य रूप से पुलिस सत्यापन कराया जाए। विशेष रूप से बाहरी राज्यों से आने वाले व्यक्तियों की पहचान और पृष्ठभूमि की जानकारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
दुकानों की सुरक्षा के लिए दिए महत्वपूर्ण सुझाव
पुलिस अधिकारियों ने सराफा दुकानों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के लिए कई सुझाव दिए। इनमें उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाकर नियमित मॉनिटरिंग करना, मजबूत लॉकर एवं डबल इंटरलॉकिंग सिस्टम स्थापित करना तथा थेफ्ट अलार्म और आधुनिक सुरक्षा उपकरण लगाने की सलाह दी गई। इसके अलावा पुराने सोने-चांदी के जेवरात बेचने आने वाले ग्राहकों का आधार कार्ड, मोबाइल नंबर एवं अन्य आवश्यक जानकारी लेकर रिकॉर्ड सुरक्षित रखने को कहा गया। सराफा बाजार में आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर नजर रखने और किसी भी संदिग्ध परिस्थिति की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील भी की गई।
रात्रि गश्त और पुलिस निगरानी पर भी चर्चा
बैठक में सराफा बाजार की सुरक्षा के मद्देनजर रात्रि गश्त बढ़ाने एवं पुलिस निगरानी को प्रभावी बनाने पर भी चर्चा हुई। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बाजार की सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि व्यापारियों की सक्रिय सहभागिता भी इसमें महत्वपूर्ण है। थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय ने बताया कि बैठक का उद्देश्य पुलिस और सराफा व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा बाजार को सुरक्षित बनाना है। बैठक के अंत में व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन के सुझावों पर अमल करने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के मार्गदर्शन में डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा और थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *