कटनी के युवाओं के लिए 1773 रिक्त पदों पर नौकरी का अवसर, 31 जुलाई को ‘युवा संगम’ रोजगार, 8वीं से स्नातक तक के युवाओं को मिलेगा अवसर, मौके पर ही होंगे साक्षात्कार और चयन

कटनी। रोजगार की तलाश में जुटे जिले के युवाओं के लिए 31 जुलाई का दिन अवसरों की नई सौगात लेकर आ रहा है। कलेक्टर कटनी आशीष तिवारी की पहल पर आयोजित होने वाला ‘युवा संगम रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेला’ युवाओं को एक ही मंच पर रोजगार, अप्रेंटिसशिप, स्वरोजगार और कैरियर मार्गदर्शन से जोड़ने का बड़ा अवसर प्रदान करेगा। मेले में देश एवं प्रदेश की प्रतिष्ठित और नामचीन निजी कंपनियां शामिल होकर 1773 रिक्त पदों पर युवाओं का चयन करेंगी। शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय, झिंझरी, जिला जेल के पीछे, कटनी में शुक्रवार 31 जुलाई को प्रातः 11 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित होने वाले इस मेले में विभिन्न क्षेत्रों की कंपनियां अपनी आवश्यकता के अनुसार योग्य अभ्यर्थियों का चयन करेंगी। खास बात यह होगी कि साक्षात्कार और चयन की प्रक्रिया मेले में ही की जाएगी, जिससे युवाओं को रोजगार के लिए अलग-अलग स्थानों पर भटकने के बजाय एक ही मंच पर अनेक अवसर मिल सकेंगे।
मशीन ऑपरेटर से इंजीनियरिंग तक, अनेक क्षेत्रों में अवसर
युवा संगम में रोजगार के अवसरों का दायरा व्यापक रखा गया है। मशीन ऑपरेटर, अप्रेंटिस, फिटर, इलेक्ट्रीशियन, फील्ड डेवलपमेंट ऑफिसर, इंजीनियरिंग, सेल्स एग्जीक्यूटिव, प्लेसमेंट कोऑर्डिनेटर, एचआर, सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर सहित विभिन्न पदों पर भर्ती की जाएगी। अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता एवं संबंधित पद के अनुरूप लगभग 12 हजार रुपए से 30 हजार रुपए प्रतिमाह तक वेतन प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। इससे तकनीकी शिक्षा प्राप्त युवाओं के साथ-साथ सामान्य शैक्षणिक योग्यता रखने वाले युवाओं के लिए भी रोजगार के विकल्प उपलब्ध होंगे।
8वीं पास से स्नातक तक, हर वर्ग के युवा ले सकेंगे भाग
रोजगार मेले में 8वीं, 10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा एवं स्नातक उत्तीर्ण युवक-युवतियां भाग ले सकते हैं। यानी अलग-अलग शैक्षणिक योग्यता रखने वाले युवाओं को उनकी क्षमता और कौशल के अनुरूप रोजगार के अवसर तलाशने का मौका मिलेगा।
नौकरी ही नहीं,स्वरोजगार की राह भी दिखाएगा ‘युवा संगम
यह मेला केवल नौकरी तक सीमित नहीं रहेगा। युवाओं को स्वरोजगार योजनाओं, अप्रेंटिसशिप के अवसरों और कैरियर विकल्पों की भी जानकारी दी जाएगी। कैरियर परामर्श के माध्यम से युवाओं को अपनी रुचि, योग्यता और कौशल के अनुरूप भविष्य की दिशा तय करने में मार्गदर्शन मिलेगा।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *