झिंझरी चौकी क्षेत्र बना डीजल चोर गिरोह का सुरक्षित ठिकाना, सरेआम चालक से मारपीट कर ट्रक से लूटी गई डीजल, कटनी-गुलवारा बाईपास में हुई घटना

कटनी। जिले के माधवनगर थाने की झिंझरी चौकी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कटनी-गुलवारा बाईपास पर तड़के हुई एक वारदात ने झिंझरी पुलिस की सक्रियता पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बाईपास रोड पर चार अज्ञात बदमाशों ने एक ट्रक चालक को रोककर उसके साथ जमकर मारपीट की और गाड़ी की टंकी से लगभग 280 लीटर डीजल लुट कर चंपत हो गए। एक के बाद एक झिंझरी चौकी क्षेत्र में होती डीजल चोरी की घटनाएं, यह संदेह प्रकट कर रही है कि झिंझरी चौकी क्षेत्र डीजल चोर गिरोह के लिए सुरक्षित ठिकाना बना हुआ है। हाईवे पर होने वाली लूट चोरी जैसी घटनाएं प्रभावी पुलिसिंग न हो पाने के कारण एक बार फिर से तेज हो गई हैं।
यह है पूरा घटनाक्रम?
तरार (औरंगाबाद, बिहार) निवासी 57 वर्षीय ट्रक चालक मोहम्मद शकील खान पिता मुनव्वर खान 17 सितंबर की तड़के अपने वाहन से कटनी-गुलवारा बाईपास से गुजर रहा था। सुबह करीब 5:40 बजे प्रयाग आईशर एजेंसी के पास चार अज्ञात बदमाशों ने उसके ट्रक को जबरन रुकवा लिया।
चालक का आरोप है कि बदमाशों ने गाड़ी रुकते ही उनके साथ गाली-गलौज करते हुए जानलेवा हमला कर दिया और मारपीट कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद बदमाशों ने बेखौफ होकर ट्रक के डीजल टैंक से करीब 26,000 की कीमत का 280 लीटर डीजल निकाला और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित चालक ने चौकी पहुँचकर आपबीती सुनाई। पुलिस ने बीएनएस की धारा 309(6) के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया। पुलिस का कहना है कि बाईपास पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। सार्वजनिक बाईपास रोड पर इस तरह बेखौफ घूम रहे बदमाशों और पुलिस की लचर कार्रवाई से क्षेत्र के ट्रक चालकों और वाहन स्वामियों में भारी असंतोष और खौफ का माहौल है।
पहले भी हुई मनमानी
चौकी क्षेत्र में होने वाली डीजल चोरी की घटनाओं को लेकर झिंझरी पुलिस की लापरवाही पहले भी सामने आ चुकी है। घटना होने के बाद एफआईआर तक दर्ज न हो पाने के कारण पीड़ितों को वरिष्ठ अधिकारियों के पास गुहार लगानी पड़ी, तब कहीं जाकर मामला दर्ज हो पाया। वर्तमान समय में झिंझरी पुलिस की कार्यशैली बेहद विवादित है, जिसके कारण लोगों को आए दिन यहां पर पीड़ा झेलनी पड़ती है।
इन्होंने कहा
इस मामले में बातचीत करते हुए डीएसपी शिवा पाठक ने कहा कि चालक की शिकायत के आधार पर लूट का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों को पकड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही इसमें सफलता भी मिलेगी।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *