कटनी में ‘जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद’ का आयोजन, 200 से अधिक विद्यार्थी हुए जागरूक, विभिन्न विषयों पर पुलिस अधिकारियों ने दी महत्वपूर्ण जानकारी

कटनी। उच्च शिक्षा विभाग एवं मध्यप्रदेश पुलिस की संयुक्त पहल के तहत गुरुवार को शासकीय तिलक स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कटनी में ‘जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 200 से अधिक छात्र-छात्राओं ने सहभागिता कर साइबर सुरक्षा, नशामुक्ति, महिला सुरक्षा, सड़क सुरक्षा, संवैधानिक अधिकारों और नागरिक कर्तव्यों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम के समन्वयक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य रहे। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार वाजपेयी, डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा, थाना प्रभारी कुठला निरीक्षक अखिलेश दाहिया तथा थाना प्रभारी यातायात निरीक्षक अनूप सिंह सहित विभिन्न विषयों के विशेषज्ञ उपस्थित रहे।
साइबर अपराधों से बचाव के बताए उपाय
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को ऑनलाइन धोखाधड़ी, साइबर अपराधों से बचाव, डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित उपयोग और जिम्मेदार डिजिटल नागरिकता के संबंध में जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को इंटरनेट का सावधानीपूर्वक उपयोग करने तथा साइबर अपराध की स्थिति में उचित कदम उठाने के लिए प्रेरित किया।
नशामुक्ति और सड़क सुरक्षा पर दिया जोर
विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने, यातायात नियमों का पालन करने और सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया गया। इसके साथ ही प्राथमिक उपचार, आपातकालीन परिस्थितियों में प्रतिक्रिया, आपदा प्रबंधन, हिंसा की रोकथाम और आपराधिक न्याय व्यवस्था की बुनियादी जानकारी भी दी गई।
महिला एवं बाल सुरक्षा पर हुई चर्चा
कार्यक्रम में महिला सुरक्षा, घरेलू हिंसा की रोकथाम, बाल संरक्षण और समावेशी समाज के निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की गई। विद्यार्थियों को महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा के प्रति संवेदनशील रहने और सामाजिक चुनौतियों के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया गया। इसके अतिरिक्त मानसिक स्वास्थ्य, आत्महत्या रोकथाम, संवैधानिक अधिकारों, कानून की बुनियादी समझ तथा नागरिक जिम्मेदारियों पर भी जानकारी साझा की गई।
जिम्मेदार नागरिक बनाने की पहल
जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद’ का उद्देश्य युवाओं में सामाजिक उत्तरदायित्व, कानून के प्रति सम्मान और सुरक्षा संबंधी व्यावहारिक समझ विकसित करना है। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने तथा सुरक्षित, स्वस्थ और संवेदनशील समाज के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकों, स्टाफ और 200 से अधिक छात्र-छात्राओं की सहभागिता रही।