कटनी में ‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0’ अभियान का हुआ शुभारंभ, एसपी ने दिलाई नशा मुक्ति की शपथ

कटनी। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार प्रदेशव्यापी “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के तहत बुधवार को कटनी जिले में अभियान का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक कार्यालय से किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई और समाज को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने का संकल्प कराया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा, रक्षित निरीक्षक संध्या राजपूत, कंट्रोल रूम प्रभारी राहुल पांडे सहित पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभी शाखा प्रभारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार 15 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक पूरे प्रदेश में “नशा मुक्त मध्यप्रदेश निर्माण” के उद्देश्य से जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी स्वयं नशे से दूर रहने, अपने परिवार और समाज को जागरूक करने तथा नशा मुक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लेंगे।
इस अवसर पर एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ परिवार और समाज को भी गंभीर नुकसान पहुंचाता है। उन्होंने अभियान को जन आंदोलन बनाने के लिए सभी से सक्रिय भागीदारी की अपील की। कटनी पुलिस अभियान के तहत जिले के स्कूल-कॉलेजों, सार्वजनिक स्थलों, गांवों और शहरी क्षेत्रों में रैली, शपथ ग्रहण, संवाद, जनसंपर्क एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेगी।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *