गली मोहल्लों से लेकर गांव गांव कटनी पुलिस की सघन कॉम्बिंग गश्त, 182 आरोपी पकड़े, जगह जगह छापेमारी, 20 स्थाई वारंटी और 69 गिरफ्तारी वारंटी गिरफ्तार, अवैध शराब के 44 मामलों में कार्रवाई

कटनी। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कटनी पुलिस ने विगत रात्रि जिले के सभी थाना क्षेत्रों में व्यापक कॉम्बिंग गश्त की। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने विभिन्न मामलों में 182 आरोपियों को पकड़ा, जिनमें स्थाई वारंटी, गिरफ्तारी वारंटी और इनामी व वांछित आरोपी शामिल हैं। कॉम्बिंग गश्त के दौरान न्यायालय से जारी विभिन्न प्रकरणों में 20 स्थाई वारंटियों और 69 गिरफ्तारी वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा अपराधियों की निगरानी के तहत पुलिस ने 42 गुंडा बदमाशों और 44 निगरानी बदमाशों के घर पहुंचकर चेकिंग की।
44 मामलों में अवैध शराब पर कार्रवाई
अवैध शराब के परिवहन, विक्रय और सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन के खिलाफ अभियान चलाते हुए पुलिस ने 44 प्रकरण दर्ज कर 44 आरोपियों पर कार्रवाई की। इस दौरान 415 पाव देशी शराब (74.7 लीटर) तथा 59.5 लीटर कच्ची शराब, कुल 134.2 लीटर अवैध शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 53,060 रुपये है, जब्त की गई। आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किए गए।
शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर भी कार्रवाई
सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वाले 10 वाहन चालकों के खिलाफ धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की। वाहन चालकों की जांच ब्रेथ एनालाइजर के माध्यम से की गई।
वारंट और समंस की तामील
कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस ने 37 जमानती वारंट तथा 51 समंस की तामील भी की। वहीं जुआ एक्ट के तहत 3 प्रकरण दर्ज किए गए। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए धारा 170 बीएनएसएस के तहत 3 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई, जबकि धारा 126, 135 बीएनएसएस के तहत 62 व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। इसके अलावा जिला बदर किए गए 3 बदमाशों की भी चेकिंग की गई।
सार्वजनिक स्थलों और होटल-ढाबों की जांच
कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस टीमों ने जिले के सार्वजनिक स्थलों, धार्मिक स्थलों, बस स्टैंड, चौराहों सहित होटल, ढाबे और धर्मशालाओं की भी सघन जांच की। रात के समय आने-जाने वाले 44 मुसाफिरों को चेक कर उनका विवरण रजिस्टर में दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार कॉम्बिंग गश्त का उद्देश्य वांछित एवं आदतन अपराधियों पर प्रभावी निगरानी रखने के साथ-साथ अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाना और जिले में कानून-व्यवस्था एवं आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *