त्योहारों के बीच कोतवाली पुलिस की सघन चेकिंग जारी, देशी कट्टा लेकर घूम रहा युवक गिरफ्तार, जिंदा कारतूस भी बरामद, पहले से दर्ज हैं आधा दर्जन अपराधिक मामले
कटनी। आगामी त्योहारों को देखते हुए कोतवाली पुलिस द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों और आदतन अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने एक युवक को अवैध देशी कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ पूर्व से छह आपराधिक प्रकरण दर्ज होना भी सामने आया है।
पुलिस के अनुसार 16-17 सितंबर की दरम्यानी रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि गायत्री नगर पुलिया के पास एक युवक देशी कट्टा लेकर घूम रहा है और आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना पर कोतवाली पुलिस टीम तत्काल रेलवे पंप हाउस वाली रोड पर पहुंची। पुलिस को देखते ही युवक भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अतुल निषाद पिता महेश निषाद (26), निवासी राजेश किराना के पास, खिरहनी फाटक, कटनी बताया। तलाशी लेने पर उसकी कमर में 315 बोर का देशी कट्टा और पेंट की जेब से एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। हथियार रखने संबंधी कोई वैध दस्तावेज या लाइसेंस प्रस्तुत नहीं करने पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की।
पुलिस जांच में आरोपी अतुल निषाद के खिलाफ कोतवाली थाना क्षेत्र में पूर्व से छह आपराधिक प्रकरण दर्ज होना पाया गया है। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 1060/2026, धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं उप पुलिस अधीक्षक अजाक शिवा पाठक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में चौकी प्रभारी खिरहनी उपनिरीक्षक किशोर कुमार द्विवेदी, प्रधान आरक्षक रामपाल बागरी, विरेन्द्र तिवारी, आरक्षक अजय प्रताप सिंह, राहुल तिवारी एवं अभिषेक राय की भूमिका रही।